उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार के मंत्री जयवीर सिंह और दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। जयवीर सिंह ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को अखिलेश यादव की जिन्नावादी मानसिकता की उपज बताया। वहीं, दयाशंकर मिश्र ने सपा को डूबता जहाज बताते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में पार्टी का सफाया हो जाएगा।
'विपक्ष कितने भी मोर्चे बना ले, भाजपा की सीटें नहीं घटेंगी'
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विपक्ष चाहे जितने भी गठबंधन और मोर्चे बना ले, इससे भाजपा और एनडीए को कोई नुकसान नहीं होने वाला है। भाजपा अपने 10 साल के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जनता ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी को सत्ता से बाहर रखने का मन बना लिया है।
'सपा सरकार में अपराधी चलाते थे थाने'
जयवीर सिंह ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के शासनकाल में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई थी। उस समय माफियाओं और अपराधियों का दबदबा था। उन्होंने कहा कि सपा शासन में महिलाओं को घर से बाहर निकलने में डर लगता था और दलितों की जमीनों पर कब्जे किए जाते थे।
मंत्री ने दावा किया कि उस समय थानों में अपराधियों का प्रभाव था, जबकि योगी सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई हुई है और महिलाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
'अखिलेश को भाजपा की नहीं, अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए'
मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, अखिलेश यादव की चिंता बढ़ती जा रही है। उनकी हालत खराब है और उन्हें भाजपा की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी को संभालने पर ध्यान देना चाहिए।
दयाशंकर मिश्र ने सपा को डूबता हुआ जहाज बताते हुए दावा किया कि 2027 के चुनाव में पार्टी का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब कोई भी इस डूबते जहाज पर सवार नहीं होना चाहता।