Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

योगी सरकार की गोवंश संरक्षण के लिए विशेष तैयारी, त्योहारों और सर्दियों में सड़कों पर होगी पेट्रोलिंग

उत्तर प्रदेश में त्योहारों और सर्दियों के दौरान निराश्रित गोवंश की सुरक्षा के लिए योगी सरकार ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत गो-आश्रय स्थलों पर सतर्कता बढ़ाई जाएगी और सड़कों पर घूमने वाले गोवंश को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप जारी दिशा-निर्देशों में राष्ट्रीय और राजकीय राजमार्गों के साथ बाजारों, हाटों और मंडियों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात को देखते हुए इन क्षेत्रों में पेट्रोलिंग भी कराई जाएगी।

राजमार्गों और बाजारों में होगी विशेष निगरानी

अभियान के तहत सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को चिह्नित कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। राष्ट्रीय और राजकीय राजमार्गों के अलावा बाजारों, मंडियों और प्रमुख रास्तों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि गोवंश की मौजूदगी से लोगों और पशुओं को परेशानी न हो।

नगर निकायों को सतर्क रहने के निर्देश

गोवंश संरक्षण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर आयुक्तों और नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें अपने क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार पेट्रोलिंग व सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

7700 से अधिक गो-आश्रय स्थलों में 16 लाख से ज्यादा गोवंश संरक्षित

प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए 7700 से अधिक गो-आश्रय स्थल बनाए गए हैं। इनके माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया गया है। योगी सरकार का प्रयास गोवंश को आश्रय देने के साथ उनकी देखभाल, नस्ल सुधार और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना भी है।

नंदिनी कृषक समृद्धि योजना से डेयरी कारोबार को बढ़ावा

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना से पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय शुरू करने और उसका विस्तार करने में मदद मिल रही है। सरकार का उद्देश्य गोवंश संरक्षण को पशुपालकों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने से जोड़ना है।

नस्ल सुधार और गो आधारित उत्पादों पर भी जोर

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए गो-आश्रय स्थलों, पशु चिकित्सा सेवाओं, नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन, डेयरी निवेश और गो आधारित उत्पादों को एक साथ जोड़कर काम किया जा रहा है।

सरकार की योजना गोवंश संरक्षण को एक व्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था बनाने की है। त्योहारों और सर्दियों के दौरान विशेष अभियान के जरिए गोवंश की सुरक्षा और सड़कों पर उनकी मौजूदगी रोकने पर जोर दिया जाएगा।