गाजियाबाद में मात्र 300 रुपये के बकाया को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गई। थाना लिंक रोड क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 को वादी कुलदीप सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह द्वारा थाना लिंक रोड में तहरीर दी गई थी। उन्होंने बताया कि वैशाली मेट्रो के सामने कोशलानी बस स्टैंड पर बने शौचालय में काम करने वाले प्रेम कुमार (निवासी गौंडा) की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई है। सूचना के आधार पर थाना लिंक रोड में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 05 फरवरी 2026 को दो आरोपियों—सुखवीर उर्फ सुमित (उम्र करीब 28 वर्ष), निवासी रामपुर लखुआ, थाना अकराबाद, जिला अलीगढ़ और राकेश प्रसाद उर्फ छोटू (उम्र करीब 31 वर्ष), निवासी फरीदपुर, थाना दुर्गापुर, जिला बर्द्धमान (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशा करने के आदी हैं और अक्सर कोशलानी बस अड्डे के पास बने शौचालय में नशा करते थे। मृतक प्रेम कुमार से उनका 300 रुपये उधार को लेकर विवाद चल रहा था। 02 फरवरी 2026 की दोपहर दोनों आरोपी शौचालय पहुंचे और उधार के पैसे मांगे। इसी बात पर कहासुनी हुई और पुरानी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर प्रेम कुमार का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक के हाथ-पैर बांध दिए, जेब से मोबाइल फोन और 600 रुपये निकाल लिए तथा शौचालय को बाहर से बंद कर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद दिल्ली और मथुरा होते हुए फरार हो गए थे, लेकिन चेकिंग के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध हत्या समेत अन्य धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।