Breaking News

अलास्का में 8 लोगों को ले जा रहा चार्टर प्लेन क्रैश, रेस्क्यू मिशन के बाद मिला मलबा     |   विदेश मंत्री जयशंकर आज बिहार के CM सम्राट चौधरी से करेंगे मुलाकात, दुबई में फंसे छात्रों पर होगी चर्चा     |   पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन 22 साल पुराने केस में बरी     |   CM योगी ने लखनऊ में अपने आवास पर जापान के यामानाशी प्रांत के गवर्नर संग बैठक की     |   जंतर-मंतर बवाल पर एक्शन मोड में विपक्ष... पैलेट गन विवाद पर जांच का ब्योरा लेने DCP ऑफिस पहुंचे राहुल गांधी     |  

टीचर के थप्पड़ मारते ही वहीं गिर पड़ा 6 साल का मासूम, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, दर्दनाक मामला आया सामने

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक निजी स्कूल की कक्षा में अध्यापिका द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने के बाद छह वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में नजर आ रहा है कि किंडरगार्टन का छात्र हाथ में स्लेट लिए अध्यापिका की मेज के पास कतार में खड़ा है और उसका होमवर्क जांचा जा रहा है।

वीडियो में बच्चा परेशान नजर आ रहा है और अध्यापिका के सामने रोते हुए हाथ हिलाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि इसके बाद अध्यापिका बच्चे को अपने पास खींचती है और उसे कथित तौर पर चांटा मारती है। बच्चा कुछ क्षण वहीं खड़ा रहता है और फिर अचानक बेहोश होकर अध्यापिका की गोद में गिर जाता है। इसके बाद अध्यापिका उसे होश में लाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। इस घटना के बाद स्कूल के कर्मचारी और अन्य लोग कक्षा में पहुंचे और बच्चे को अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चे के परिवार के सदस्यों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि कथित मारपीट के बाद अत्यधिक घबराहट और तनाव के कारण बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अध्यापिका द्वारा कथित तौर पर मारे जाने के बाद बच्चा कक्षा में बेहोश होकर गिर पड़ा और बाद में उसकी मौत हो गई।’’

आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि अध्यापिका द्वारा कथित तौर पर मारे जाने के बाद छह वर्षीय बच्चे की मौत की घटना बेहद दुखद है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों और संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लोकेश ने बच्चे के माता-पिता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उनसे हिम्मत बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें हुई क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी सरकार हर संभव तरीके से आपके साथ खड़ी रहेगी।’’ इस बीच, स्कूल शिक्षा विभाग ने कहा कि ये घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है और सरकार इसे बहुत गंभीरता से ले रही है। विभाग ने गुरुवार देर रात जारी एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘घटना के तुरंत बाद संबंधित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच की और प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर तथ्यों की विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।’’

समिति में विशाखापत्तनम के क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक (आरजेडी), जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और राजस्व मंडल अधिकारी (आरडीओ) शामिल हैं।
विभाग ने कहा कि इस संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि शिक्षक छात्रों के साथ संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और मानवीय दृष्टिकोण से पेश आएं। इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संदिग्ध मौत से संबंधित धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया गया है।