Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

'जनता का फैसला सर्वोपरि है', पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद बोली महुआ मोइत्रा

West Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को बीजेपी से करारी हार मिलने के एक दिन बाद, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी जनादेश का सम्मान करती है क्योंकि जनता की इच्छा सर्वोपरि है। उन्होंने ये भी कहा कि पार्टी एक धर्मनिरपेक्ष देश के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

एक्स पर पोस्ट में महुआ मोइत्रा ने कहा, “जनता की इच्छा सर्वोपरि है। अगर बंगाल बीजेपी को चाहता था, तो बंगाल को बीजेपी मिली है। हम इसका सम्मान करते हैं।” बीजेपी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया और टीएमसी के 15 साल के शासन का अंत कर दिया।

महुआ मोइत्रा ने कहा, “हमने अकल्पनीय चुनौतियों का सामना करते हुए एक असमान मैदान पर डटकर मुकाबला किया और इसके लिए मुझे अपने नेता और अपनी पार्टी पर गर्व है।” उन्होंने कहा कि टीएमसी एक धर्मनिरपेक्ष देश के लिए खड़ी रहेगी और संघर्ष करती रहेगी, जहां संविधान ही अंतिम सत्य है, न कि “क्रूर बहुसंख्यकवाद”।