Breaking News

गाजियाबाद: इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन सोसाइटी में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां     |   काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे पीएम मोदी     |   बंगाल विधानसभा चुनाव: हावड़ा में वोटिंग के दौरान हंगामा     |   दिल्ली-NCR में बदला मौसम, सुबह-सुबह बारिश शुरू     |   पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग आज     |  

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान जारी

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी फेज़ के लिए वोटिंग जारी है. 294 मेंबर वाली असेंबली में से, आज बाकी 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है.आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें भवानीपुर भी है, जहां सीएम ममता बनर्जी का मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से है. वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह भाजपा के मौजूदा MLA हैं. पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के चुनावों के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. साल 2021 विधानसभा चुनावों में इन 142 सीटों में टीएमसी ने 123 सीटें और भाजपा ने केवल 18 सीटें जीती थी.

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान होगा उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं.  निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 रजिस्टर्ड वोटर्स हैं. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.

दूसरे चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. किसी भी सीट पर थर्ड जेंडर उम्मीदवार नहीं है. पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण में कुल मतदान 93.19 प्रतिशत रहा. आजादी के बाद बंगाल के किसी भी चुनाव में सबसे ज्यादा मतदान हुआ है. विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. कुल 41,001 पोलिंग स्टेशनों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की कुल 2,400 कंपनियां तैनात हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से रिकॉर्ड मतदान की अपील की. उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "आज 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का दूसरा चरण है. पीएम मोदी ने कहा, "मैं आज मतदान करने वाले सभी लोगों से आह्वान करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में बाहर निकलें और हमारे लोकतंत्र को और भी अधिक जीवंत व सहभागी बनाएं." एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, "देश के एक सजग नागरिक के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए रिकॉर्ड मतदान सुनिश्चित करें. इस तरह हम न केवल भारतवर्ष के नवनिर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं, बल्कि एक समर्थ और समृद्ध राष्ट्र की नींव को और मजबूत कर सकते हैं." 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग की बीच मतदाताओं से खास अपील की है. गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, "बंगाल को भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के शासन से मुक्त करने के लिए दूसरे और अंतिम चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें. आपका एक वोट बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षा देने का जरिया बनेगा. बंगाल के युवाओं के सपनों को सिर्फ एक ऐसी सरकार ही पूरा कर सकती है, जिसके पास विकास का विजन भी हो और घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर करने की संकल्प शक्ति भी हो। 'सोनार बांग्ला' के लिए रिकॉर्ड मतदान करें."