Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

MP News: सिंगरौली में जादू-टोने के शक में व्यक्ति ने की दो लोगों की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

MP News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में गुरुवार तड़के जादू-टोने के शक में एक शख्स ने दो लोगों की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने ये जानकारी दी। जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर, जियावां पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में स्थित लोहरा गांव के बेरीहवा टोला में कथित तौर पर अपराध करने के आरोप में 21 साल के छत्रपति सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी ने पीड़ित केवल सिंह (65 वर्ष) और फूलमती सिंह (50 वर्ष) को अपने घर बुलाया और उन पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें मौते के घाट उतार दिया। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि जब दो ग्रामीणों, सुमित्रा सिंह (38) और राम भजन सिंह (35) ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

एसपी के अनुसार, ये घटना सुबह 4 बजे से 5 बजे के बीच हुई और सुनियोजित प्रतीत होती है। हत्याएं आरोपी के घर के बाहर आंगन में बने चबूतरे के पास की गईं। उन्होंने बताया कि पुलिस को घटनास्थल के पास धार्मिक अनुष्ठानों से संबंधित सामग्री मिली है, जिससे संदेह होता है कि अपराध अंधविश्वास और जादू-टोने से प्रेरित हो सकता है।

ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी की पत्नी का कुछ महीने पहले गर्भपात हो गया था और उन्हें संदेह है कि पीड़ित इसके लिए जिम्मेदार हैं। पुलिस ने कहा, "हालांकि, आरोपी से पूछताछ के बाद ही सच पता चल पाएगा।"