योगी सरकार अब उत्तर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ की तर्ज पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट’ कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत प्रदेश के हर जिले की खास कला को पहचान और बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह ‘धरोहर’ में यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति को मिटाने और देश को गुलाम बनाने के कई प्रयास हुए, लेकिन हमारी सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने हर मुश्किल दौर में देश की पहचान को बचाए रखा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कई लोक कलाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की उपेक्षा हुई। संस्कृति की अनदेखी से हमारी पहचान से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलू भी खो सकते हैं।
हर जिले की कला को मिलेगा मंच
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का ओडीओपी कार्यक्रम सफल रहा है और राज्य का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इसी तरह ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट’ के जरिए हर जिले की विशिष्ट कला को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने संस्कृति विभाग और सभी अकादमियों को इस दिशा में प्राथमिकता से काम करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कलाकारों को मंच दिया जाए और उनकी प्रस्तुतियों को बढ़ावा मिले। कलाकारों को चौराहों पर भी प्रस्तुति देने का अवसर दिया जा सकता है, लेकिन इससे यातायात बाधित नहीं होना चाहिए।
एआई और तकनीक अपनाएं युवा, जड़ों से जुड़े रहें
युवा कलाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर तेजी से बदल रहा है। युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल माध्यम और नई तकनीक का उपयोग करना चाहिए, लेकिन अपनी मिट्टी की खुशबू, लोक धुनों और गुरु की सीख को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल जीवन को आसान बनाने के लिए होना चाहिए, न कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से दूर होने के लिए।
संगीत नाटक अकादमी के खाली पद जल्द भरे जाएंगे
मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी में कर्मचारियों की कमी को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात से कहा कि चयन के लिए बोर्ड या कमेटी बनाई जाए। जरूरत पड़ने पर उम्र में छूट भी दी जाए, लेकिन अकादमी में पद खाली नहीं रहने चाहिए।
सीएम योगी ने अकादमी के युवा कलाकारों की ओर से विचित्रवीणा, सारंगी और पखावज जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तुतियों से भरोसा होता है कि हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित हाथों में है।
संगीत को बताया ईश्वर की आराधना का माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि परमात्मा की आराधना का रास्ता भी है। उन्होंने भगवान शिव के डमरू, श्रीकृष्ण की बांसुरी और मां सरस्वती की वीणा का उल्लेख करते हुए संगीत की आध्यात्मिक महत्ता बताई।
उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के साथ पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर के योगदान को भी याद किया। इसके अलावा ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोक कलाओं का जिक्र किया।
पुरस्कार राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी
कार्यक्रम में संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने बताया कि अकादमी की स्थापना 13 नवंबर 1963 को हुई थी। यह संस्था संगीत, नृत्य, नाटक और लोक कलाओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए काम कर रही है।
उन्होंने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा और बोनस देने के साथ खाली पदों को भरने की जरूरत बताई। साथ ही अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान अकादमी की 63 साल की यात्रा पर बनी लघु फिल्म दिखाई गई और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में लोकगायिका मालिनी अवस्थी सहित कला और संस्कृति जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं।