Breaking News

J-K: शोपियां एनकाउंटर में मारा गया लश्कर का टॉप आतंकी जाकिर गनई     |   मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए दो विमान     |   राहत और बचाव के लिए केंद्र तैयार: सीएम फडणवीस से बोले अमित शाह- हर मदद मिलेगी     |   इंडोनेशिया की हवा में संस्कृति की खुशबू, बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |   तमिलनाडु विश्वविद्यालयों में VC नियुक्ति पर मद्रास HC सख्त, UGC और केंद्र को भेजा नोटिस     |  

एक ही रनवे पर आए दो विमान, ATC ने बीच में ही रोकी टेक-ऑफ रन... मुंबई एयरपोर्ट पर हादसा टला

मुंबई एयरपोर्ट पर एक बार फिर ऐसी घटना सामने आई है जिसने विमानन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए. मंगलवार रात दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 का टेक-ऑफ आखिरी समय में रोकना पड़ा. विमान रनवे पर उड़ान भरने की प्रक्रिया में था, तभी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से तत्काल टेक-ऑफ रोकने का निर्देश मिला. पायलट ने बिना देरी किए टेक-ऑफ रन को बीच में ही रोक दिया और विमान को वापस बे (Bay) में ले जाया गया. इस फैसले से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान रात 9 बजे मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था, लेकिन घटना के बाद वह निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सका. एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विमान की सभी जरूरी तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही उसे दोबारा उड़ान के लिए मंजूरी दी जाएगी.

इस घटना ने इसलिए भी ज्यादा ध्यान खींचा क्योंकि शुरुआती जानकारी के अनुसार उसी समय एक एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान भी उसी रनवे पर मौजूद था. दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट टेक-ऑफ की तैयारी कर रही थी, जबकि सिलिगुड़ी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट अभी पूरी तरह रनवे खाली नहीं कर पाई थी. जैसे ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल को स्थिति का अंदाजा हुआ, उसने तुरंत टेक-ऑफ रोकने का निर्देश दिया. पायलट ने मानक सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए टेक-ऑफ रन बीच में ही रोक दिया. विमानन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में कुछ सेकेंड की सतर्कता भी सैकड़ों यात्रियों की जान बचा सकती है.

ATC के निर्देश से टला बड़ा हादसा

एयर इंडिया के आधिकारिक बयान के अनुसार 7 जुलाई को मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI816 के क्रू को एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से टेक-ऑफ रोकने का निर्देश मिला. इसके बाद पायलट ने तुरंत टेक-ऑफ रन को बीच में ही बंद कर दिया और विमान को वापस पार्किंग बे में ले जाया गया. एयरलाइन ने कहा कि अब विमान की सभी अनिवार्य तकनीकी जांच स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत की जाएगी. साथ ही यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है.

घटना के समय एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 मुंबई से दिल्ली के लिए बोइंग 777-300ER वाइड-बॉडी विमान से संचालित की जा रही थी. वहीं सिलिगुड़ी से मुंबई पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AIX1547 बोइंग 737 MAX-8 विमान थी. एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान अभी पूरी तरह रनवे से बाहर नहीं निकला था, जबकि दूसरी फ्लाइट टेक-ऑफ की प्रक्रिया में पहुंच चुकी थी. समय रहते ATC की सतर्कता के कारण संभावित टकराव का खतरा टल गया.

एयर इंडिया ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि विमान में कितने यात्री सवार थे. हालांकि एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा. इसी कारण विमान को उड़ान भरने की अनुमति देने से पहले सभी जरूरी तकनीकी और सुरक्षा जांच की जाएगी. एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है.

एयर इंडिया के मुताबिक विमान को वापस बे में लाने के बाद उसकी विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत सभी सिस्टम, ब्रेक, इंजन और अन्य सुरक्षा पहलुओं की जांच के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी. साथ ही यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था भी की जा रही है.