Breaking News

J-K: शोपियां एनकाउंटर में मारा गया लश्कर का टॉप आतंकी जाकिर गनई     |   मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए दो विमान     |   राहत और बचाव के लिए केंद्र तैयार: सीएम फडणवीस से बोले अमित शाह- हर मदद मिलेगी     |   इंडोनेशिया की हवा में संस्कृति की खुशबू, बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |   तमिलनाडु विश्वविद्यालयों में VC नियुक्ति पर मद्रास HC सख्त, UGC और केंद्र को भेजा नोटिस     |  

जम्मू संभाग में भारी बारिश का कहर, उधमपुर में फसलें बर्बाद, डोडा में बादल फटने से फ्लैश फ्लड

जम्मू संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। उधमपुर में किसानों की तैयार फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि डोडा जिले में बादल फटने के बाद आई फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) से कई घर, दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऊधमपुर के मुख्य कृषि अधिकारी (CAO) हरबंस सिंह ने किसानों से खेतों में पानी जमा न होने देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खेतों से जल्द पानी निकालें, ताकि फसलें सड़ने और कीटों के प्रकोप से बच सकें। कृषि विभाग की टीमें प्रभावित गांवों का दौरा कर रही हैं और किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी सलाह दे रही हैं। हर पंचायत में शिविर लगाकर कीट और बीमारियों से बचाव की जानकारी भी दी जा रही है।

मुख्य कृषि अधिकारी ने किसानों से फसल बीमा कराने और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनवाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर कर्ज चुकाने पर किसानों को कम ब्याज दर का लाभ भी मिलेगा। वहीं, डोडा जिले के ठठरी इलाके में मंगलवार को बादल फटने के बाद आई फ्लैश फ्लड से भारी तबाही हुई। कई मकान, दुकानें और वाहन मलबे में दब गए। हालांकि, मरम्मत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-244 (NH-244) को एक तरफ से यातायात के लिए खोल दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही सुरक्षा दीवार बनाने और पानी की निकासी की व्यवस्था करने की मांग की थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और नुकसान की भरपाई कराने की भी मांग की है। इधर, श्रीनगर में मौसम सुहावना बना हुआ है। डल झील में पर्यटक शिकारा की सैर का आनंद ले रहे हैं और ठंडे मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं।