मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मूसलाधार बारिश के चलते नर्मदा, खरमेर समेत कई नदियां उफान पर हैं। कई जगहों पर पानी पुलों के ऊपर से बह रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बिलगांव बांध के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी भी की जा रही है।
प्रशासन ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बिगड़ते हालात के चलते जिले में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की भी अपील की गई है।