नई दिल्ली के पीतमपुरा स्थित दिल्ली हाट में रविवार को हरियाली तीज के मौके पर उत्सव का रंग देखने को मिला। सावन की फुहारों और तीज के उल्लास के बीच आयोजित दो दिवसीय तीज महोत्सव में मेहंदी, लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और सावन के झूलों ने लोगों का खूब ध्यान खींचा। दिल्ली की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुईं और महिलाओं के साथ तीज का उत्सव मनाया। उन्होंने सभी महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के साथ हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को भी जीवंत बनाए रखते हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हरियाली तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, प्रेम, प्रकृति और नारी शक्ति का उत्सव है। सावन की हरियाली के बीच मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान शिव और मां पार्वती के अटूट प्रेम और पुनर्मिलन की पावन गाथा की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि पीतमपुरा दिल्ली हाट में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों, मेहंदी, लोकगीतों और नृत्य के जरिए भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को प्रस्तुत किया। यह हमारी समृद्ध लोक विरासत की जीवंत झलक है। उन्होंने कहा कि हमारी समृद्ध लोक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की शक्ति हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राजधानी में ऐसे सांस्कृतिक मंचों को लगातार बढ़ावा दिया जाए, जहां लोक परंपराओं और कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ कलाकारों और शिल्पकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले। दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय तीज महोत्सव का आयोजन 8 और 9 अगस्त को पीतमपुरा और INA स्थित दिल्ली हाट में किया गया। महोत्सव में महिलाओं के लिए मेहंदी, बिंदी और रंगोली जैसी गतिविधियों के साथ ‘तीज क्वीन-मिस तीज 2026’ और ‘बेस्ट ड्रेस फीमेल’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों और परिवारों के लिए किड्स जोन, सावन के झूले, सरप्राइज गिफ्ट्स और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

महोत्सव में करीब 20 फूड स्टॉल और 80 हस्तशिल्प एवं हथकरघा स्टॉल लगाए गए। यहां लोगों को पारंपरिक व्यंजनों के साथ स्थानीय कला और शिल्प से जुड़े उत्पाद देखने और खरीदने का मौका मिला। इस आयोजन से स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और नए व्यावसायिक अवसर हासिल करने के लिए मंच मिला।

कार्यक्रम के दौरान विधायक राजकुमार भाटिया, तिलक राम गुप्ता, पूनम शर्मा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी बहनों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए भगवान महादेव और मां पार्वती से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।