वेटरन फिल्ममेकर सूरज आर. बड़जात्या ने अपनी अगली फिल्म ‘येह प्रेम मोल लिया’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म होगी, जो 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी लीड रोल में नजर आएंगे। मेकर्स ने “We Have An Announcement!!” कैप्शन के साथ फिल्म का टाइटल, कास्ट और रिलीज डेट साझा करते हुए इसे दिवाली के बाद की बड़ी रिलीज बताया है।
यह फिल्म सूरज बड़जात्या की बतौर निर्देशक वापसी भी है, जिन्होंने ‘ऊंचाई’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था। अपनी पारिवारिक कहानियों के लिए मशहूर बड़जात्या इस फिल्म के जरिए अपने पसंदीदा किरदार ‘प्रेम’ को 12 साल बाद बड़े पर्दे पर वापस ला रहे हैं। आयुष्मान खुराना पहली बार इस आइकॉनिक किरदार ‘प्रेम’ को निभाते नजर आएंगे, जो अब तक राजश्री फिल्मों की पहचान रहा है। वहीं, शरवरी भी पहली बार उनके साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। फिल्म में संगीत एक बार फिर अहम भूमिका निभाएगा, जिसके लिए सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया की जोड़ी दोबारा साथ आई है। इससे पहले दोनों ‘प्रेम रतन धन पायो’ में साथ काम कर चुके हैं, और इस बार भी शानदार म्यूजिक की उम्मीद जताई जा रही है।