Breaking News

लद्दाख की मांगों पर सोनम वांगचुक ने तय की डेडलाइन     |   IRCTC केस में लालू परिवार पर 10 सितंबर को फैसला     |   बिहार में गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर, 12 जिलों में 22.42 लाख लोग प्रभावित     |   दिल्ली: सत्य निकेतन हादसे में बिल्डिंग मालिक की तलाश में 10 पुलिस टीमें गठित     |   दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई     |  

अगले साल 17वां बजट पेश करूंगा, सीएम सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री बने रहने के दिए संकेत

Karnataka: कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का संकेत देते हुए सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि वह अगले साल अपना रिकॉर्ड 17वां बजट पेश करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ ही वित्त विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल रहे सिद्धारमैया ने मार्च में अपना 16वां बजट पेश किया था। वह एलजी हवानूर द्वारा प्रथम पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने की स्वर्ण जयंती पर आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।

सिद्धारमैया ने कहा, ‘‘जब मैं पहली बार वित्त मंत्री बना था, तो एक अखबार ने लिखा था - यह सिद्धारमैया सौ भेड़ें भी नहीं गिन सकता, वह कर्नाटक के वित्त मंत्री के रूप में कैसे काम करेगा - मैंने इसे एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया..... मैंने 16 बजट पेश किए हैं और अब 17वां बजट पेश करूंगा।’’

अगले साल मार्च में 2026-27 का बजट प्रस्तुत किए जाने की संभावना है और इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। सिद्धारमैया की यह टिप्पणी राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच आई है। कर्नाटक में नवंबर में कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें हैं, जिसे कुछ लोग ‘नवंबर क्रांति’ के रूप में संदर्भित कर रहे हैं।