Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

केदारनाथ धाम में सीजन की पहली भारी बर्फबारी, तापमान में आई गिरावट

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में सीजन की पहली भारी बर्फबारी हुई है। 29 अक्टूबर से लगातार हो रही बर्फबारी के कारण आसपास की पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। मौसम में बदलाव के साथ केदारनाथ में तापमान भी काफी नीचे गिर गया है।

अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तरी पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर को उत्तरकाशी, टिहरी और हरिद्वार समेत राज्य के 8 से 9 स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। कई अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। 30 अक्टूबर को भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। कुमाऊं क्षेत्र में मौसम संबंधी गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 31 अक्टूबर को पहाड़ी जिलों में हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 1 और 2 नवंबर को उत्तरी पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट

बारिश और बर्फबारी के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए।

DEOC के माध्यम से जिले की अलग-अलग तहसीलों से मौसम की ताजा जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन सड़क की स्थिति के साथ श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम पर भी लाइव CCTV कैमरों के जरिए नजर रख रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।