Breaking News

अल कायदा AQIS के डिप्टी अमीर आतिफ याह्या पर US ने रखा $10 मिलियन का इनाम     |   PM मोदी ने काशी से पुणे के लिए अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई     |   काशी दिव्य शक्तियों की भूमि है: PM मोदी     |   अफगानिस्तान ने यूनिवर्सिटी हमले को लेकर काबुल में पाकिस्तान के राजनयिक को किया तलब     |   TVK चीफ विजय ने तिरुचेंदूर मंदिर का किया दौरा     |  

आज कश्मीर जाएंगे पीएम मोदी, कटड़ा-श्रीनगर में करेंगे चुनावी सभाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज श्रीनगर में महारैली को संबोधित करने के लिए कश्मीर जा रहे हैं। उसके बाद वह कटड़ा में भी जाएंगे। प्रधानमंत्री का संदेश कश्मीर के हर कोने तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने हर संभव प्रबंध किए हैं। प्रधानमंत्री श्रीनगर रैली से उन राजनीतिक पार्टियों पर भी प्रहार करेंगे जो इस समय 370 को बहाल करने के दावे कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री की श्रीनगर रैली भाजपा के लिए बहुत मायने रखती है। पार्टी ने विरोधी दलों के गढ़ में भाजपा की बुनियाद को मजबूत बनाकर वहां पर कमल खिलाने की तैयारी की है।

पीएम मोदी मांगेगे वोट

जम्मू संभाग में सशक्त भाजपा ने इस समय कश्मीर की गुरेज, करनाह, शोपियां, हब्बाकदल व पहलगाम विधानसभा सीटें जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। कश्मीर में भाजपा के 19 उम्मीदवारों में से 8 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला बुधवार को ईवीएम में बंद हो गया है। अब प्रधानमंत्री श्रीनगर में अपनी महारैली से दूसरे व तीसरे चरण में पार्टी के 11 उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए लोगों से सहयोग मांगेंगे।

भाजपा के ये हैं अहम मुद्दे

कश्मीर में भाजपा का मुख्य मुद्दा अनुच्छेद 370 हटने के बाद क्षेत्र में विकास में तेजी व पर्यटन में भारी वृद्धि है। क्षेत्र में पथराव, हड़तालें बंद होने के साथ देशविरोधी गतिविधियों पर लगी रोक भी भाजपा के मुख्य मुद्दे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री श्रीनगर रैली से उन राजनीतिक पार्टियों पर भी प्रहार करेंगे जो इस समय 370 को बहाल करने के दावे कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। प्रधानमंत्री का संदेश कश्मीर के हर कोने तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने हर संभव प्रबंध किए हैं।

शेर-ए-कश्मीर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 11 बजे होगी रैली

श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 11 बजे होने जा रही रैली में कश्मीर के सभी जिलों से 50 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य रखा है। राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह रैली को कामयाब बनाने के लिए श्रीनगर में डेरा डाले हुए हैं। प्रधानमंत्री आज दोपहर डेढ़ बजे दूसरी रैली माता वैष्णों देवी के आधार शिविर कटड़ा में करेंगे।

कटड़ा में करीब दो बजे पीएम की महारैली

बुधवार को विधानसभा चुनाव के प्रभारी व केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कटड़ा में दोपहर करीब दो बजे पीएम की महारैली को कामयाब बनाने के लिए की तैयारियों का जायजा लिया। मोदी माता वैष्णों देवी रेलवे स्टेशन परिसर में बने हेलीपेड पर उतरेंगे। वहां से सड़क मार्ग से स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में महारैली को संबोधित करने पहुंचेंगे। भाजपा ने रियासी व ऊधमपुर से 60 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य रखा है।

जम्मू कश्मीर में भाजपा के स्टार प्रचार की कमान संभालने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश में चार महारैलियों को संबोधित करना है। इनमें 14 सितंबर को डोडा जिले में प्रधानमंत्री की चुनावी महारैली हो गई है। कटड़ा व श्रीनगर के बाद उन्होंने 28 सितंबर को जम्मू में चुनावी महारैली करनी है।