अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 की भव्य तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस आयोजन का शुभारंभ उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन पूज्य संत-धर्माचार्यों की उपस्थिति में करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाट असंख्य दीपों से रोशन होंगे। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा।
दीपोत्सव में प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को दर्शाती भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें देश के 13 राज्यों के कलाकार और प्रतिभागी शामिल होंगे। रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही धर्मपथ सहित शहर के प्रमुख मार्गों को थीमैटिक लाइटिंग और एलईडी पैनलों से सजाया जाएगा।
3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और ड्रोन शो बढ़ाएंगे भव्यता
राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो का आयोजन होगा। रामायण के प्रसंगों पर आधारित ड्रोन शो भी दर्शकों को आकर्षित करेगा। वहीं, नया घाट पर म्यूजिकल आतिशबाजी से दीपोत्सव की रौनक बढ़ेगी।
2,000 कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
दीपोत्सव में देश-विदेश के रामलीला दल प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। इसके अलावा देश और प्रदेश के करीब 2,000 कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से रामनगरी को भक्तिमय बनाएंगे।
इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह और राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरि ओम पांडेय और विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, डॉ. अमित सिंह चौहान और अभय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।