4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, संशोधित उड़ान (UDAN) योजना की शुरुआत करेंगे, लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा गुजरात में एक सेमीकंडक्टर निर्माण सुविधा का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:45 बजे जोधपुर पहुंचेंगे, जहां वे जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और संशोधित उड़ान योजना लॉन्च करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे बालोतरा में लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
उड़ान योजना को मिलेगा नया विस्तार
क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत करेंगे। अगले 10 वर्षों के लिए 28,840 करोड़ रुपये के बजट वाली इस योजना के तहत देशभर में 100 नए हवाई अड्डों और एयरस्ट्रिप का विकास किया जाएगा। इसके लिए 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।
योजना के अंतर्गत 200 आधुनिक हेलिपैड भी विकसित किए जाएंगे, जबकि क्षेत्रीय हवाई अड्डों के संचालन और रखरखाव के लिए 2,500 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जाएगी। एयरलाइंस को क्षेत्रीय उड़ानों के लिए 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) भी जारी रहेगी। साथ ही HAL ध्रुव और डोर्नियर जैसे स्वदेशी विमानों व हेलीकॉप्टरों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
जोधपुर एयरपोर्ट को मिलेगा नया टर्मिनल
480 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन 23,000 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला है और सालाना 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। राजस्थान की पारंपरिक स्थापत्य कला से प्रेरित इस भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण अनुकूल तकनीकों का भी उपयोग किया गया है। इससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बालोतरा में ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री बालोतरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पचपदरा में स्थापित यह 9 एमएमटीपीए क्षमता वाली परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है, जिसकी लागत 79,450 करोड़ रुपये से अधिक है।
यह अत्याधुनिक परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और औद्योगिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास
प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे। 13,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इस परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे। इससे जयपुर के औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
रेलवे, सड़क और सौर ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनकी कुल लागत लगभग 900 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 740 करोड़ रुपये की लागत से विकसित NH-125A के जोधपुर रिंग रोड सेक्शन-2 का उद्घाटन भी करेंगे। वहीं 5,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित 1,000 मेगावाट क्षमता वाली बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना और NHPC की 300 मेगावाट कर्णिसर सौर ऊर्जा परियोजना भी राष्ट्र को समर्पित की जाएगी।
युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
इस अवसर पर प्रधानमंत्री राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित लगभग 54,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। इनमें शिक्षा, ऊर्जा, गृह, पंचायती राज, परिवहन, कृषि, आईटी और प्रशासनिक सुधार विभागों के अभ्यर्थी शामिल हैं।
गुजरात में सेमीकंडक्टर निर्माण को मिलेगा बढ़ावा
राजस्थान कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद में CG Semi की आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। 7,500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश से विकसित यह परियोजना भारत सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) के तहत स्वीकृत शुरुआती चार प्रमुख प्रोजेक्ट्स में शामिल है। पूर्ण क्षमता पर पहुंचने के बाद यह संयंत्र प्रतिवर्ष 5 अरब तक सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन कर सकेगा। यह ऑटोमोबाइल, दूरसंचार, 5G, औद्योगिक और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगा।
इस परियोजना के शुरू होने से भारत वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाएगा।