दिल्ली के शाहदरा जिले के ज्वाला नगर इलाके में आज एक पुरानी इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में तीन साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10 बजे विवेक विहार थाना क्षेत्र की गली नंबर-6 में हुई। सुबह 10:09 बजे पुलिस को इमारत गिरने और मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
बच्चे और युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
बचाव दल ने मलबे से कुल छह लोगों को बाहर निकाला। सभी को CAT एंबुलेंस की मदद से हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन साल के लड्डू उर्फ देवांश और 35 वर्षीय पिंटू को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल अन्य चार लोगों की पहचान 27 वर्षीय खुशबू, 35 वर्षीय विकेश, 25 वर्षीय आकाश और 22 वर्षीय दिलीप उर्फ डिम्पा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग इमारत में किराए पर रहते थे।
पहली मंजिल का स्लैब और गर्डर गिरने से हुआ हादसा
इमारत की पहली मंजिल का स्लैब और गर्डर ढह गया था। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और एमसीडी कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों की मदद से फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। छह लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया। इनमें एक महिला और एक बच्चा भी शामिल थे।
40 से 50 साल पुरानी थी इमारत
इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। उनके अनुसार, मकान खाली कराने के लिए पिछले कई वर्षों से किरायेदारों से कहा जा रहा था, लेकिन कम किराए के कारण वे वहां रह रहे थे।
नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार ने इमारत की उम्र करीब 30 से 40 साल बताई। उनके मुताबिक, भवन में ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल के अलावा दूसरी मंजिल का कुछ हिस्सा भी बनाया गया था। इमारत के ढहने से ये हिस्से प्रभावित हुए। बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है और आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांचने के लिए एमसीडी की टीम निरीक्षण कर सकती है।
रेलवे लाइन से कंपन की आशंका, जांच जारी
मौके पर पहुंचे बीजेपी विधायक संजय गोयल ने आशंका जताई कि पास से गुजरने वाली रेलवे लाइन के कारण होने वाले कंपन से इमारत गिरने की घटना हुई हो सकती है। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच और जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली में पहले भी गिर चुकी हैं इमारतें
राजधानी में हाल के दिनों में इमारत गिरने की कई घटनाएं सामने आई हैं। 15 नवंबर को पहाड़गंज इलाके में निर्माणाधीन इमारत ढह गई थी। इससे पहले पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में अजमेरी गेट के पास तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से छह लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा सत्य निकेतन इलाके में भी इमारत गिरने से सात लोगों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हुए थे।