Breaking News

10 और 12वीं के छात्रों के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल     |   असम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्लेन की पहली बार हाईवे पर लैंडिंग     |   केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा उत्तराखंड बीजेपी कोर समिति की बैठक को संबोधित करेंगे     |   'रूस में गंभीर वार्ता की कोई इच्छा नजर नहीं आती', बोले यूक्रेन के विदेश मंत्री     |   '47 साल से सिर्फ बातें कर रहा ईरान, सत्ता परिवर्तन सबसे अच्छा होगा', बोले राष्ट्रपति ट्रंप     |  

कई ऐसे मुद्दे थे जब मुझे अपमानित किया गया, पाकिस्तान के पूर्व कोच ने खोले पीसीबी के राज

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी ने पाकिस्तान के मुख्य कोच के रूप में अपने नौ महीने के छोटे कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कई मुद्दों पर उन्हें अपमानित किया जिनमें हाई परफार्मेंस कोच टिम नीलसन को बर्खास्त करना भी शामिल था। पीसीबी ने अप्रैल 2024 में गिलेस्पी को टेस्ट क्रिकेट के लिए अपना मुख्य कोच नियुक्त किया था। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी गैरी कर्स्टन को सफेद गेंद के प्रारूपों के लिए मुख्य कोच बनाया गया था।

कर्स्टन ने हालांकि उसी वर्ष अक्टूबर में अपना पद छोड़ दिया था और फिर इसके बाद दिसंबर में गिलेस्पी ने भी इस्तीफा दे दिया था। तब पीसीबी ने नीलसन को बताया था कि टीम को दक्षिण अफ्रीका के 2024-25 दौरे से पहले उनकी सेवाओं की आवश्यकता नहीं होगी।

नीलसन को अगस्त 2024 में यह भूमिका सौंपी गई थी। गिलेस्पी से एक्स पर जब एक यूजर ने पाकिस्तान की टीम का मुख्य कोच पद छोड़ने के कारण के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘‘मैं पाकिस्तान टेस्ट टीम को कोचिंग दे रहा था। पीसीबी ने बिना मुझसे बात किए बिना सीनियर सहायक कोच को बर्खास्त कर दिया। मुख्य कोच के रूप में मुझे यह स्थिति बिल्कुल अस्वीकार्य लगी। कई अन्य मुद्दे भी थे जिनसे मुझे पूरी तरह से अपमानित होना पड़ा।’’

नीलसन को बर्खास्त किए जाने से गिलेस्पी और पीसीबी के बीच संबंध और बिगड़ गए थे और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका का दौरा करने से इनकार कर दिया और फिर इस्तीफा दे दिया था। पाकिस्तान टीम के साथ अपनी कार्यकाल के बारे में गिलेस्पी ने बताया कि उन्हें लगा कि पीसीबी ने उन्हें ‘‘पूरी तरह से नजरअंदाज’’ कर दिया है।

इस बीच गिलेस्पी और पीसीबी के बीच वित्तीय विवाद चल रहा है। पूर्व कोच का दावा है कि उन्हें उनका बकाया भुगतान नहीं किया गया जबकि बोर्ड का कहना है कि उन्होंने अनुबंध के अनुसार पद छोड़ने से चार महीने पहले नोटिस नहीं दिया।