Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ा एक्शन, 11 आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी     |   JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार, छात्र आंदोलन के बीच बड़ा एक्शन, छापे के बाद दिया था इस्तीफा     |   नागालैंड के मुख्यमंत्री ने FCRA बिल को लेकर गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा     |   रांची प्रोटेस्ट: पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर आंसू गैस के गोले दागे, लाठीचार्ज     |   केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने पहुंचे     |  

नेपाल PM बालेन्द्र शाह की भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से पहली मुलाकात, ‘ऐतिहासिक’ संबंधों को मजबूत करने पर जोर

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव के साथ सोमवार को पहली बार मुलाकात की और भारत के साथ इस हिमालयी देश के ‘‘ऐतिहासिक संबंधों’’ को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। प्रधानमंत्री सचिवालय के अनुसार, शाह ने सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में श्रीवास्तव से मुलाकात की। इस दौरान नेपाल-भारत द्विपक्षीय संबंधों, आपसी हितों, विकास साझेदारी और सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा हुई। श्रीवास्तव ने शाह को बधाई दी और दोनों देशों के बीच संबंधों एवं सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

भारतीय राजदूत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज सुबह नेपाल के माननीय प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से मुलाकात का सम्मान मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। भारत-नेपाल की मजबूत और बहुआयामी साझेदारी को और गहरा करने पर विचारों का उपयोगी एवं सकारात्मक आदान-प्रदान हुआ।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि शाह ने नेपाल के ‘‘ऐतिहासिक संबंधों’’ को और मजबूत करने तथा साझा हितों वाले क्षेत्रों में मिलकर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब शाह ने विदेशी राजदूतों और वरिष्ठ विदेशी अधिकारियों के साथ मुलाकात से दूरी बनाए रखने की अपनी पहले की नीति में बदलाव करना शुरू कर दिया है।

शाह सोमवार को चीन के राजदूत झांग माओमिंग से भी अलग से मुलाकात करने वाले हैं, जबकि अमेरिकी दूतावास के प्रभारी स्कॉट अर्बोम के मंगलवार को उनसे मिलने की उम्मीद है। इससे पहले शाह ने एकल मुलाकातों से परहेज किया था और दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर तथा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के विशेष दूत सर्जियो गोर से मिलने से भी इनकार कर दिया था।

उन्होंने छह जुलाई से नेपाल की तीन दिवसीय यात्रा पर आए एशियाई विकास बैंक के अध्यक्ष मसातो कांडा के साथ एकल बैठक कर अपनी इस नीति में बदलाव किया था। प्रधानमंत्री शाह ने अब तक भारत या चीन, दोनों पड़ोसी देशों में से किसी की भी यात्रा नहीं की है। इसके बजाय नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने जून में नयी दिल्ली और बीजिंग का दौरा किया था।