Breaking News

2020 दिल्ली दंगा: उमर खालिद-शरजील इमाम को झटका, जमानत अर्जी खारिज     |   अहमदाबाद में CG Semi OSAT फैसिलिटी पहुंचे PM मोदी, उद्घाटन के बाद जनसभा को करेंगे संबोधित     |   तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा फेरबदल, AIADMK छोड़ TVK में पहुंचे पूर्व मंत्री वैगैचेल्वन     |   समस्तीपुर में बड़ा हादसा, गंगा नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा, 4 मजदूर घायल     |   मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |  

MP: भाई की हत्या का बदला लेने के लिए भवन निर्माण ठेकेदार की सरेराह गोली मारकर हत्या

MP: मध्य प्रदेश के भिंड में दो साल पुराने हत्याकांड का बदला लेने के लिए मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने इंदौर में 35 वर्षीय भवन निर्माण ठेकेदार की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि लसूड़िया थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर गुरुवार देर रात अवितेंद्र उर्फ अभि तोमर (35) पर उस समय गोलियां बरसाई गईं, जब वे अपनी कार में दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था।

उन्होंने बताया कि पांच हमलावर दो मोटरसाइकिल से पहुंचे थे और गोलियां लगने से तोमर की मौके पर ही मौत हो गई। अमरेंद्र सिंह के मुताबिक, तोमर मूल रूप से भिंड का रहने वाला था और उसने तीन-चार महीने पहले इंदौर आकर भवन निर्माण ठेकेदार के तौर पर काम शुरू किया था।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हमलावरों में शामिल तीन आरोपियों की पहचान गुलशन यादव, गौरव और डेलू लारिया के रूप में हुई है। अमरेंद्र सिंह ने बताया, ‘‘वर्ष 2024 के दौरान भिंड में गुलशन यादव के छोटे भाई विष्णु यादव की हत्या के आरोप में तोमर के भाई और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पहली नजर में लगता है कि गुलशन यादव ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए तोमर की हत्या की है।’’

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के अनुसार, हमलावर वारदात से एक दिन पहले ही भिंड से इंदौर पहुंचे थे और तोमर पर नजर रख रहे थे। उन्होंने बताया कि मौका मिलते ही आरोपियों ने भवन निर्माण ठेकेदार पर गोलीबारी कर दी। अमरेंद्र सिंह ने बताया कि फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के चार दल गठित किए गए हैं और उनकी तलाश जारी है।