Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

‘मोंथा’ के गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

Cyclone Montha: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के 28 अक्टूबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मौसम तंत्र पिछले छह घंटों के दौरान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा और आज सुबह साढ़े पांच बजे बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पूर्व क्षेत्रों पर केन्द्रित हो गया।

मौसम विभाग की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘अगले 12 घंटों के दौरान इसके दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है तथा इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 28 अक्टूबर की सुबह तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा।’’

इस बीच, मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में अनकापल्ली, काकीनाडा, कोनासीमा, श्रीकाकुलम, नेल्लोर, तिरुपति, विशाखापत्तनम, विजयनगरम और पश्चिम गोदावरी जिलों में कुछ स्थानों पर 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा के साथ हल्की गरज के साथ छींटे पड़ने और मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया है।

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोमवार को काकीनाडा, कोनासीमा, पश्चिम गोदावरी, कृष्णा, बापटला, प्रकाशम और नेल्लोर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

इसी तरह उन्होंने कहा कि श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मन्यम, अल्लूरी सीतारामाराजू, विशाखापत्तनम और अनकापल्ली जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने ने कहा कि पूर्वी गोदावरी, एलुरु, एनटीआर, गुंटूर, पलनाडु, चित्तूर और तिरुपति जिलों में भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है।