Breaking News

1995 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेश चंद्र श्रीवास्तव को तिहाड़ जेल का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया     |   भारत ने छठी बार जीता U19 वर्ल्ड कप, फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से दी शिकस्त     |   हरसौर में नागौर पुलिस की ओर से जब्त 10 टन विस्फोटक मामले की जांच NIA को सौंपी गई     |   दिल्ली: सफदरजंग के पास NDMC गोदाम में आग, दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं     |   ओडिशा में 1.1 करोड़ इनामी माओवादी दंपती समेत 17 अन्य विद्रोहियों ने सरेंडर किया     |  

मणिका विश्वकर्मा बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया, समर्थकों का जताया आभार

Jaipur: राजस्थान के गंगानगर निवासी मणिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज अपने नाम किया है और वह इस साल के अंत में थाईलैंड में होने वाली 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। विश्वकर्मा (22) ने 18 अगस्त को जयपुर के ज़ी स्टूडियो में आयोजित एक भव्य समारोह में यह खिताब अपने नाम किया। मंगलवार तड़के तक चले इस समारोह में विश्वकर्मा को मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा ने ताज पहनाया।

उत्तर प्रदेश की 22 वर्षीय तान्या शर्मा प्रथम उपविजेता रहीं और हरियाणा की 19 वर्षीय महक ढींगरा द्वितीय उपविजेता रहीं। हरियाणा की 23 वर्षीय अमीषी कौशिक और मणिपुर की 24 वर्षीय सारंगथेम निरुपमा क्रमशः तीसरी और चौथी उपविजेता रहीं। विश्वकर्मा ने मिस इंडिया यूनिवर्स खिताब जीतने का श्रेय अपने परिवार और समुदाय के निरंतर सहयोग को दिया।

उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’को दिये इंटरव्यू में कहा,‘‘ईमानदारी से कहूं तो, हम हमेशा संघर्ष की बात करते हैं। लेकिन मैं उस सहयोग के बारे में बात करना चाहूंगी जो मुझे मिला है। भले ही मैं एक छोटे शहर के सामान्य परिवार से हूं, मुझे अपने परिवार और समुदाय से बहुत सहयोग मिला है। मुझे लगता है कि मुझे बहुत अच्छी शिक्षा मिली। मेरे शिक्षकों ने इसमें सबसे बड़ी भूमिका निभाई। इसलिए, संघर्षों के बजाय, मैं उन सभी को श्रेय दूंगी जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया। मैं आप सभी की बहुत आभारी हूं। आपके सहयोग के बिना यह संभव नहीं होता।’’

प्रतियोगिता के अंतिम दौर में विश्वकर्मा को महिला शिक्षा या गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के विकल्पों में से एक को चुनने को कहा गया। उन्होंने महिला शिक्षा को चुना। विश्वकर्मा ने इस विकल्प को चुनने की वजह बताते हुए कहा, ‘‘ महिलाओं को शिक्षित करने से न केवल एक जीवन बदलता है, बल्कि इससे परिवारों, समुदायों और राष्ट्रों का भविष्य भी बदल जाता है।’’

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मिस इंडिया यूनिवर्स के मालिक निखिल आनंद, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, एश्ले रोबेलो और फिल्म निर्माता फरहाद सामजी शामिल थे। पूर्व में स्वयं यह प्रतियोगिता जीत चुकी उर्वशी रौतेला ने कहा, ‘‘यह एक कठिन प्रतियोगिता थी। हमें बहुत खुशी है कि मणिका विजेता बनकर उभरीं। यह हमारे लिए सचमुच खास है। वह मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में देश को ज़रूर गौरवान्वित करेंगी।’’