Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

गुजरात में भारी बारिश से हालात बिगड़े, वलसाड में NDRF-SDRF की टीमें तैनात

गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दक्षिण गुजरात के कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। वलसाड जिले में राहत और बचाव कार्यों के लिए NDRF की 3 और SDRF की 5 टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें जिला प्रशासन के साथ मिलकर लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत पहुंचाने और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। प्रशासन के मुताबिक, नई दिल्ली से NDRF की 2 और टीमें गुरुवार शाम तक वलसाड पहुंचेंगी। इसके अलावा 70 जवानों की एक सेना की टीम भी 5 नावों के साथ वलसाड में तैनात की जा रही है। फायर विभाग के 25 कर्मचारियों की टीम भी राहत और बचाव कार्यों में मदद करेगी।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भारी बारिश से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की निगरानी के लिए वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। सूचना विभाग के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, जनजातीय विकास मंत्री नरेश पटेल और वरिष्ठ सचिवों को सूरत, वलसाड और नवसारी जिलों में प्रशासन की मदद करने के लिए भेजा गया है।

बारिश से प्रभावित जिलों में तैनात प्रभारी सचिवों को भी तुरंत रेड अलर्ट वाले जिलों में पहुंचकर तैयारियों और राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। दक्षिण गुजरात के कई जिलों में गुरुवार को भी भारी बारिश का दौर जारी रहा। अत्यधिक बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए सूरत, नवसारी और वलसाड में प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में स्कूल और कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुजरात के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी से बेहद भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके बाद जिला प्रशासन और सूरत नगर निगम ने 24 घंटे राहत और बचाव अभियान चलाने की तैयारी की है। सूरत शहर में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिला कलेक्टर तेजस पारमर ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। उन्होंने बताया कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम NDRF और राहत टीमों की मदद से शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से अपील की कि निचले इलाकों में रहने वाले लोग प्रशासन का पूरा सहयोग करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल सरकार की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है। NDRF, SDRF, सेना और फायर विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। सरकार का मुख्य लक्ष्य बारिश से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।