उत्तर प्रदेश में मछली पालन को बढ़ावा देने और मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने नई पहल की है। मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर अब गोरखपुर में उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस खोलेगा। इसको लेकर शुक्रवार, 13 नवंबर को उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग और वर्ल्डफिश सेंटर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
एमओयू का आदान-प्रदान उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग की महानिदेशक धनलक्ष्मी के. और वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद ने किया। इस पहल के तहत पूर्वांचल के मछली पालकों, हैचरी संचालकों, युवाओं, शोधकर्ताओं और विभागीय कर्मचारियों को व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मछली पालकों की आय बढ़ाने पर जोर
महानिदेशक धनलक्ष्मी के. ने बताया कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में मछली उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाना, अच्छी गुणवत्ता वाले मत्स्य बीज उपलब्ध कराना और आधुनिक मछली पालन तकनीकों को बढ़ावा देना है। इससे मछली पालकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
योजना के तहत प्रदेश में आधुनिक मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र और हैचरी विकसित की जाएंगी। साथ ही, उन्नत मछली प्रजातियों के बीज तैयार करने की तकनीक विकसित की जाएगी। मत्स्य विभाग के अधिकारियों और मछली पालकों को प्रशिक्षण देने के साथ एक्सपोजर विजिट भी कराई जाएगी।
पेंगेसियस और GIFT तिलापिया के उत्पादन में मिलेगी मदद
वर्ल्डफिश सेंटर पेंगेसियस और GIFT तिलापिया जैसी उन्नत मछली प्रजातियों के बीज उत्पादन के लिए तकनीकी सहायता देगा। इसमें मछलियों के प्रजनन, ब्रूड स्टॉक प्रबंधन और स्पॉन से लेकर फ्राई व फिंगरलिंग तैयार करने तक की प्रक्रिया में विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।
इसके अलावा अमृत कतला, जयंती रोहू और अमूर कॉमन कार्प जैसी उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन और संरक्षण के लिए भी तकनीकी सहयोग दिया जाएगा। इसके लिए ब्रूड स्टॉक बैंक और अनुसंधान से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और खाद्य सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा
यह योजना पूरी तरह उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से वित्त पोषित होगी। इसके माध्यम से प्रदेश में उन्नत मछली प्रजातियों के बीज उत्पादन, आधुनिक तकनीकों, अनुसंधान और प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस पहल से प्रदेश को बेहतर गुणवत्ता वाले मत्स्य बीज के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही मछली उत्पादन बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे लोगों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने और खाद्य सुरक्षा मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
एमओयू के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, मत्स्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, वर्ल्डफिश सेंटर के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद, भारत में वर्ल्डफिश के प्रतिनिधि अरुण पड़ियार और मत्स्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।