Breaking News

लद्दाख की मांगों पर सोनम वांगचुक ने तय की डेडलाइन     |   IRCTC केस में लालू परिवार पर 10 सितंबर को फैसला     |   बिहार में गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर, 12 जिलों में 22.42 लाख लोग प्रभावित     |   दिल्ली: सत्य निकेतन हादसे में बिल्डिंग मालिक की तलाश में 10 पुलिस टीमें गठित     |   दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई     |  

पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 पिस्तौल और 5 किलो हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक बड़े ऑपरेशन में 15 अत्याधुनिक पिस्तौल और 5 किलो हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान और उत्तरी अमेरिका में बैठे हैंडलर्स से जुड़े सीमा पार तस्करी मॉड्यूल का हिस्सा थे। बॉर्डर रेंज के आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बरामद किए गए 15 हथियार सीमा पार से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में पहुंचाए गए थे। इसके अलावा 5 किलो हेरोइन भी बरामद हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय दीपक सिंह अमृतसर के सीमावर्ती गांव रोहरावली का रहने वाला है और पेशे से वेल्डर है। पुलिस के मुताबिक, उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। दूसरा आरोपी शुभप्रीत उर्फ शुभ है, जो अमृतसर के हॉल गेट इलाके में मोबाइल फोन की दुकान चलाता है।पुलिस के अनुसार, शुभ कथित तौर पर तस्करी की खेप सप्लाई करता था, जबकि दीपक सीमा पार से पहुंचाई गई खेप को लेने का काम करता था।

आईजी भुल्लर ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के पाकिस्तान स्थित तस्करों और उत्तरी अमेरिका में मौजूद विदेशी हैंडलर्स से संपर्क की बात सामने आई है। यह पूरा नेटवर्क सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए काम कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, ड्रोन के जरिए अलग-अलग समय पर भारत में खेप पहुंचाई जाती थी। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थानों पर रखा जाता था और तय लोगों तक पहुंचाया जाता था। नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान गुप्त रखने के लिए कट-आउट्स का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले लोगों को एक-दूसरे की पहचान की जानकारी नहीं होती थी।

आईजी ने बताया कि ऑपरेशन एसपी-डी रणदीप सिंह, डीएसपी यादविंदर सिंह और एसएचओ अमन की निगरानी में चलाया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। अमृतसर एयरपोर्ट के पास हाल में सामने आई ड्रोन गतिविधि को लेकर भी भुल्लर ने बताया कि इलाके में एक खेल प्रतियोगिता चल रही थी और कथित तौर पर कार्यक्रम की कवरेज के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की थी। पुलिस अब इस मामले में वित्तीय लेन-देन और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।