Bhopal: मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को 2024-25 के लिए 3.65 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इस बजट में इंफ्रास्टक्चर के विकास और महिलाओं के साथ आदिवासियों की बेहतरी के लिए खास ध्यान रखा गया है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट में किसी नए टैक्स की घोषणा नहीं की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने आज तक इतना बड़ा बजट कभी पेश नहीं किया।
उन्होंने कहा कि इस बजट में सभी विभागों के लिए पैसे बढ़ाए गए हैं। हर चीज का ख्याल रखा गया है। इसलिए 3.65 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। जगदीश देवड़ा ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस के हंगामे के बीच राज्य विधानसभा में बजट पेश किया। कांग्रेस के विधायक कथित नर्सिंग कॉलेज घोटाले के मुद्दे पर आवाज उठा रहे थे। सीबीआई कई नर्सिंग कॉलेजों के संचालन में अनियमितताओं से संबंधित कथित घोटाले की जांच कर रही है।
सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 3.65 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। ये पिछले साल की तुलना में 16 फीसदी ज्यादा है। महिला और बाल विकास विभाग का बजट पिछले वित्त वर्ष के 14,686 करोड़ से बढ़ाकर 26,560 करोड़ रुपये कर दिया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि 2024-25 में राजकोषीय घाटा जीएसडीपी का 4.11 फीसदी रहने का अनुमान है।
सरकार ने अनुसूचित जनजाति के लिए 40,804 करोड़ रुपये, वहीं अनुसूचित जाति के लिए 27,900 करोड़ रुपये दिए हैं। बीजेपी सरकार की अहम योजना 'लाडली बहना योजना' के लिए 18,984 करोड़ रुपये का बजट आवंटन किया गया है। इसके तहत पात्र महिलाओं को 1,250 रुपये हर महीने दिए जाते हैं। खेती के लिए बजट पिछले वित्त वर्ष के 22,732 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 26,126 करोड़ रुपये कर दिया गया है।