केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख (Chief of the Army Staff) नियुक्त किया है। वह 30 जून 2026 की दोपहर से सेना प्रमुख का पदभार संभालेंगे। मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वर्तमान में लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ सेना के उप प्रमुख (Vice Chief of the Army Staff) के पद पर कार्यरत हैं। रक्षा मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा कि उनके पास लगभग चार दशक का व्यापक सैन्य अनुभव है और उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण कमान, स्टाफ तथा रणनीतिक पदों पर सेवाएं दी हैं।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला के पूर्व छात्र धीरज सेठ को दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन मिला था। अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्र में आर्मर्ड रेजिमेंट, पश्चिमी मोर्चे पर आर्मर्ड ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स की कमान संभाली है।लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में उन्होंने भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन 'सुदर्शन चक्र कोर' का नेतृत्व किया। इसके अलावा वह दिल्ली एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग भी रहे, जहां उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सैन्य कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभाली।
आर्मी कमांडर बनने के बाद उन्होंने दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान का नेतृत्व किया। वह उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने दो अलग-अलग ऑपरेशनल आर्मी कमांड की कमान संभाली है। धीरज सेठ को सेना के आधुनिकीकरण और क्षमता विकास में उनके योगदान के लिए भी जाना जाता है। सेना मुख्यालय में रणनीतिक योजना और क्षमता विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उन्होंने आधुनिक तकनीकों को सेना की जरूरतों के अनुरूप ढालने और भविष्य की चुनौतियों के लिए सैन्य तैयारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
एक उत्कृष्ट सैन्य अधिकारी के रूप में उन्होंने कई प्रतिष्ठित सैन्य पाठ्यक्रमों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। वह हायर कमांड कोर्स और नेशनल डिफेंस कॉलेज के स्नातक हैं तथा पेरिस में प्रतिष्ठित कमांड एंड स्टाफ कोर्स भी कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति को भारतीय सेना के आधुनिकीकरण, रणनीतिक तैयारी और भविष्य की चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।