कांग्रेस नेताओं के एक वर्ग की नाराजगी की खबरों के बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता के. सुधाकरन ने केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया। पार्टी मुख्यालय में उनके समर्थकों ने शॉल ओढ़ाकर और नारे लगाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
हालांकि, केपीसीसी के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे एम. एम. हसन सहित कई वरिष्ठ नेता सुधाकरन के कार्यभार संभालने के समय मौजूद नहीं थे। सुधाकरन ने पदभार ग्रहण करने से पहले वरिष्ठ नेता ए. के. एंटनी से उनके आवास पर मुलाकात की।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश के अनुसार, लोकसभा चुनाव में कन्नूर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सुधाकरन ने अस्थायी रूप से हसन को पद सौंप दिया था।
ऐसी खबरें आई थीं कि राज्य के नेताओं के एक वर्ग की तरफ से उठाई गई आपत्ति के बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें केपीसीसी प्रमुख के रूप में कार्यभार फिर से शुरू करने के लिए अगले महीने चुनाव परिणाम आने तक इंतजार करने को कहा है।
हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि हसन को एक अस्थायी व्यवस्था के तहत प्रभार दिया गया था। पदभार ग्रहण करने के बाद सुधाकरन ने उनकी वापसी को लेकर पार्टी के अंतर मतभेद संबंधी खबरों को खारिज कर दिया।
सुधाकरन ने कहा कि उन्होंने एआईसीसी के निर्देशानुसार कार्यभार संभाला है। जब पत्रकारों ने हसन की गैर-मौजूदगी के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता को लगा होगा कि समारोह में उनकी मौजूगी की जरूरत नहीं है। सुधाकरन ने कहा, "लेकिन मैं चाहता था कि वे (हसन) यहां मौजूद रहते।" सुधाकरन लगातार दूसरी बार कन्नूर से चुनावी मैदान में हैं।