Breaking News

J-K: शोपियां एनकाउंटर में मारा गया लश्कर का टॉप आतंकी जाकिर गनई     |   मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए दो विमान     |   राहत और बचाव के लिए केंद्र तैयार: सीएम फडणवीस से बोले अमित शाह- हर मदद मिलेगी     |   इंडोनेशिया की हवा में संस्कृति की खुशबू, बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |   तमिलनाडु विश्वविद्यालयों में VC नियुक्ति पर मद्रास HC सख्त, UGC और केंद्र को भेजा नोटिस     |  

महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, अमित शाह ने CM फडणवीस से फोन पर की बात, IMD ने जारी की चेतावनी

महाराष्ट्र में भारी बारिश को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पालघर के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने की भी संभावना है। इसके साथ ही कोंकण क्षेत्र में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

लगातार बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसका असर वेस्टर्न रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है और कई जगह आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, अचानक बाढ़, सड़क, रेल, हवाई और फेरी सेवाओं में बाधा, भूस्खलन और फसलों को नुकसान हो सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और यात्रा से पहले मौसम व ट्रैफिक की जानकारी जरूर लें।

IMD के अनुसार, 9 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है। वहीं 12 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती की योजना बनाने की सलाह दी है। कृषि विभाग ने कहा है कि जिन इलाकों में अब तक पर्याप्त बारिश नहीं हुई है, वहां किसान पर्याप्त नमी बनने तक बुवाई करने में जल्दबाजी न करें। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, जुलाई की शुरुआत में मुंबई और पश्चिमी महाराष्ट्र में अच्छी बारिश हुई, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। खासकर धुले, नंदुरबार, अहिल्यानगर, सोलापुर, पश्चिमी विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में बारिश की कमी बनी हुई है।