Breaking News

फडणवीस से मिलने वर्षा बंगले पहुंचे CM सैनी, दोनों नेताओं के बीच शिष्टाचार भेंट     |   गोलान हाइट्स पर दिए बयान से पीछे हटे अमेरिकी राजदूत, बोले- नीति में कोई बदलाव नहीं     |   ईरान-सऊदी के लिए साझा सुरक्षा परिषद का प्रस्ताव, इराक ने भेजा प्लान     |   मिडिल ईस्ट में अमेरिकी नौसेना की एक्टिविटी, युद्धपोत तक हेलिकॉप्टर से पहुंचाई सप्लाई     |   गिनी लैंडस्लाइड हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़ा, अब तक 30 की मौत     |  

देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण उत्तर-पश्चिम, मध्य, पश्चिमी तटीय और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश होगी। 8 जुलाई को पश्चिम बंगाल (सब-हिमालयी क्षेत्र) और सिक्किम में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, विदर्भ और सौराष्ट्र-कच्छ में भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि कई राज्यों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इस बीच, भारी बारिश का असर कई राज्यों में देखने को मिला है। हरियाणा के गुरुग्राम में लगातार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) का एक हिस्सा धंस गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। वहीं उत्तराखंड में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-134) पर सियानचट्टी के पास मलबा और पत्थर गिरने से सड़क बंद हो गई। प्रशासन ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है ताकि यातायात जल्द बहाल किया जा सके। IMD ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें, यात्रा से पहले मौसम और ट्रैफिक की जानकारी जरूर लें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।