Breaking News

ममता बनर्जी ने तारिक रहमान को भेजे फूल और मिठाई, BNP को दी जीत की बधाई'     |   22 अप्रैल से खुलेंगे बाबा केदारनाथ के कपाट     |   साहित्य आजतक लखनऊ के दूसरे दिन का हो गया दमदार आगाज     |   पटना: NEET छात्रा की मौत का मामला, जहानाबाद में मृतका के पैतृक घर पहुंची CBI टीम     |   तमिलनाडु: नई पार्टी बनाने की तैयारी में शशिकला, 40 सीटों पर लड़ेंगी चुनाव!     |  

नासा के चार नए यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र पहुंचे

स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण समय से पहले धरती पर वापस लाए गए साथियों की जगह लेने के लिए चार नए अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंच गए हैं। स्पेसएक्स ने शनिवार को अमेरिकी, फ्रांसीसी और रूसी अंतरिक्ष यात्रियों के दल को केप कैनावेरल से रवाना किया और एक दिन बाद ये अंतरिक्ष यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचे। पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से नासा ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण अंतरिक्ष यात्रियों की वहां से निकासी कराई थी जो 65 वर्षों के मानव अंतरिक्ष उड़ान के इतिहास में पहला मामला था।

पिछले साल गर्मियों में स्पेसएक्स ने चार अंतरिक्ष यात्रियों को रवाना किया था जिनमें से एक को गंभीर स्वास्थ्य समस्या हुई और इसके कारण उन्हें शीघ्र वापस लौटना पड़ा। इससे अंतरिक्ष अभियान के लिए केवल तीन ही सदस्य बचे-एक अमेरिकी और दो रूसी। इन हालात में नासा को अंतरिक्ष में चहलकदमी और अपना अभियान रोकना पड़ा।

नासा की जेसिका मीर और जैक हैथवे, फ्रांस की सोफी एडेनोट और रूस के आंद्रेई फेड्यायेव आठ से नौ महीने अंतरिक्ष में रहेंगे। समुद्री जीवविज्ञानी मीर और पूर्व सैन्य पायलट फेड्यायेव पहले भी अंतरिक्ष में रह चुके हैं। 2019 में अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा के दौरान, मीर ने पहली बार पूरी तरह से महिलाओं द्वारा की गई अंतरिक्ष यात्रा में भाग लिया था।

सैन्य हेलीकॉप्टर पायलट एडेनोट अंतरिक्ष में उड़ान भरने वाली दूसरी फ्रांसीसी महिला हैं। हैथवे अमेरिकी नौसेना में कप्तान हैं। अंतरिक्ष कैप्सूल जब 277 मील (446 किलोमीटर) ऊपर स्थित अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ा तो एडेनोट ने कहा ‘बोनजो’। कुछ घंटों बाद ‘हैच’ खुल गए और सातों अंतरिक्ष यात्रियों ने एक-दूसरे को गले लगाया और हाथ मिलाया।