Breaking News

विवेकानंद केंद्र के अध्यक्ष ए. बालकृष्णन के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख     |   कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, 2 जख्मी, गंगा बैराज के पास हुआ हादसा     |   चंडीगढ़ में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की आज राज्यव्यापी हड़ताल     |   नेपाल की बाढ़ः पश्चिम बंगाल के 32, तमिलनाडु के 37 पर्यटक लापता     |   UPTET 2026 रिजल्ट जारी, प्राथमिक के 93 हजार और उच्च प्राथमिक के 1.13 लाख अभ्यर्थी पास     |  

J-K: डोडा में एक वाहन के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत, 17 घायल

जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को एक यात्री वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वाहन में उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे। 

उन्होंने बताया कि ये दुर्घटना डोडा शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर पोंडा के पास डोडा-भर्थ मार्ग पर हुई। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे 'टेंपो ट्रैवलर' के चालक ने डोडा-भर्थ मार्ग के एक मोड़ पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया। 

उन्होंने बताया कि मोहम्मद अशरफ (35), मंगता वानी (51), अत्ता मोहम्मद (33), तालिब हुसैन (35), रफीका बेगम (60) को डोडा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मियों ने 17 लोगों को अस्पताल पहुंचाया और उनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय उज्मा जान को विशेष उपचार के लिए जम्मू स्थानांतरित किया गया है। वाहन के खाई में गिरते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कर्मचारी भी वहां आए। जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने इस दुखद दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। 

उप-राज्यपाल ने एक शोक संदेश में कहा है, "डोडा में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु से गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने डोडा के उपायुक्त हरविंदर सिंह से बात की। 

सिंह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हर संभव मदद और चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। उपायुक्त व्यक्तिगत रूप से पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं और मुझे नियमित अपडेट दे रहे हैं। आवश्यकतानुसार आगे भी सहायता प्रदान की जाएगी।" उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।