तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले के एट्टायापुरम के पास स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में शनिवार को हुए भीषण विस्फोट में एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा अयन राजापट्टी स्थित बालाजी फायर वर्क्स फैक्ट्री में उस समय हुआ, जब कर्मचारी पटाखा निर्माण कार्य में लगे हुए थे। मसरपट्टी पुलिस स्टेशन के अनुसार, मृतक की पहचान मरियम्मल के रूप में हुई है, जो नाथाथुपट्टी की निवासी थीं और फैक्ट्री में कार्यरत थीं।
विस्फोट में 26 श्रमिक घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए सत्तूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के कारण फैक्ट्री परिसर को भारी नुकसान पहुंचा है। फैक्ट्री के दो कमरे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं और उनके गिरने का खतरा बना हुआ है, जबकि तीन कमरे पूरी तरह तबाह हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोविलपट्टी और विलाथिकुलम से अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारी मलबे में भी तलाश कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई कर्मचारी अंदर फंसा न हो। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
वहीं, शनिवार तड़के दिल्ली के शाहदरा स्थित बिहारी कॉलोनी की गली नंबर-7 में एक इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भी भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर दिल्ली फायर सर्विस की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।