12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने लोगों से योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवनशैली के रूप में अपनाने की अपील की। फिटनेस और समग्र स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जानी जाने वाली शिल्पा ने योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों पर जोर दिया। शिल्पा शेट्टी ने कहा, "मैं चाहती हूं कि ज्यादा से ज्यादा लोग योग अपनाएं। सिर्फ विज्ञान या एक्सरसाइज के तौर पर नहीं, बल्कि एक जीवनशैली के रूप में। मेरा मानना है कि जब कोई व्यक्ति योग करना शुरू करता है, तभी उसे इसके वास्तविक लाभों का एहसास होता है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं शारीरिक फिटनेस से अधिक मानसिक फिटनेस को महत्व देती हूं। योग आपको संतुलित और एकाग्र बनाए रखता है। इसे अपनाने से व्यक्ति के भीतर सकारात्मकता भी बढ़ती है।" फिल्म 'धड़कन' की अभिनेत्री ने युवाओं को अनुशासित और नियमित जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा, "निरंतरता और अनुशासन के बिना जीवन में कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता। मैंने अपने जीवन से यह सीखा है। यदि आप केवल फैशन या ट्रेंड के कारण योग कर रहे हैं, तो उससे लाभ नहीं मिलेगा। योग को जीवनशैली बनाना होगा और इसकी मूल भावना का सम्मान करना होगा।"
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई है। यह थीम शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, भावनात्मक मजबूती और सक्रिय वृद्धावस्था को बढ़ावा देने में योग की भूमिका को रेखांकित करती है। बढ़ती जीवन प्रत्याशा और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली पर बढ़ते वैश्विक जोर के बीच यह थीम विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारत के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए जाने के बाद वर्ष 2015 से इसका आयोजन किया जा रहा है। तब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ, मैसूर, न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, श्रीनगर और विशाखापत्तनम समेत विभिन्न स्थानों से योग दिवस कार्यक्रमों का नेतृत्व कर चुके हैं।
इस वर्ष दुनिया भर में लगभग 2,500 स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 210 से अधिक भारतीय मिशन और दूतावास भाग ले रहे हैं। यह योग को स्वास्थ्य, सद्भाव और सामूहिक कल्याण के वैश्विक आंदोलन के रूप में स्थापित करता है। योग दिवस के अवसर पर शिल्पा शेट्टी गुरुग्राम में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी, जहां वह प्रतिभागियों के लिए विशेष योग सत्र का संचालन करेंगी।