Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

Maharashtra: 13 साल बाद मातोश्री पहुंचे राज ठाकरे, उद्धव ठाकरे को दी जन्मदिन की बधाई

शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज ठाकरे का उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के लिए मातोश्री आना "खुशी को दोगुना कर गया" है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने अपने चचेरे भाई  और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे से रविवार को मुलाकात कर उन्हें उनके 65वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। 

राज दादर स्थित अपने आवास ‘शिवतीर्थ’ से उद्धव के बांद्रा स्थित आवास ‘मातोश्री’ पहुंचे। उद्धव ने अपनी पार्टी के सांसद संजय राउत के साथ मुंबई स्थित मातोश्री बंगले के प्रवेश द्वार पर अपने चचेरे भाई का स्वागत किया। राज ठाकरे ने उद्धव को लाल गुलाब का एक बड़ा गुलदस्ता भेंट किया। 

राज ठाकरे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे बड़े भाई, शिवसेना प्रमुख श्री उद्धव ठाकरे के जन्मदिन के अवसर पर, मैं अपनी शुभकामनाएं देने के लिए दिवंगत माननीय श्री बालासाहेब ठाकरे के निवास मातोश्री गया।’’

उन्होंने मुलाकात की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें पृष्ठभूमि में उनके चाचा और उद्धव के पिता बाल ठाकरे की तस्वीर लगी हुई दिखाई दे रही है। उद्धव ने अपने चचेरे भाई से मिलकर खुशी जताई। उद्धव ठाकरे ने पांच जुलाई को मुंबई में राज ठाकरे के साथ एक संयुक्त रैली में कहा था कि वो और एमएनएस प्रमुख ‘‘साथ बने रहने के लिए एकजुट हुए हैं।’’ 

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नीत महाराष्ट्र सरकार द्वारा हिंदी भाषा को लेकर जारी सरकारी आदेश को वापस लेने का जश्न मनाने के लिए आयोजित ‘विजय’ रैली में, चचेरे भाइयों ने मराठी अस्मिता और हिंदी भाषा को ‘थोपने’ के मुद्दे पर लगभग दो दशकों में पहली बार मंच साझा किया। 

जुलाई 2012 में राज ठाकरे उद्धव को मुंबई के लीलावती अस्पताल से मातोश्री ले गए। अस्पताल में उनकी एंजियोग्राफी की गई थी। जनवरी 2019 में राज मातोश्री गए और उद्धव को अपने बेटे अमित की शादी का निमंत्रण सौंपा, जिसकी उसी महीने के अंत में शादी थी। राज ने दिसंबर 2005 में शिवसेना छोड़ दी और अगले साल मनसे का गठन किया था। राज ठाकरे ने शिवसेना छोड़ने के बाद दावा किया था कि उन्होंने मातोश्री से सम्मान मांगा था, लेकिन अपमान मिला।