Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

दीपोत्सव से अयोध्या के कारोबार में आई बहार, दुकानदारों की कमाई तीन गुना तक बढ़ी

रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव की भव्यता ने इस बार केवल धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल को ही नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित भव्य दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी आवाजाही देखने को मिली। इसका सीधा फायदा होटल कारोबारियों, कैब संचालकों, खानपान व्यवसायियों और छोटे दुकानदारों को मिला। हालात ऐसे रहे कि कई होटलों में शत-प्रतिशत बुकिंग रही, वहीं सामान्य दिनों में 800 से 1000 रुपये प्रतिदिन कमाने वाले छोटे दुकानदारों की आय बढ़कर 2500 से 3000 रुपये तक पहुंच गई।

दीपोत्सव ने अयोध्या के बाजारों में बढ़ाई रौनक

अयोध्या में दीपोत्सव अब केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रह गया है। यह आयोजन रामनगरी के पर्यटन और स्थानीय कारोबार के लिए भी बड़ा अवसर बनता जा रहा है। दीपोत्सव के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक अयोध्या पहुंचे। इससे शहर के प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर प्रसाद, फूल-माला, चूड़ी, श्रृंगार सामग्री और खानपान से जुड़ी दुकानों पर साफ दिखाई दिया। दुकानदारों के मुताबिक, दीपोत्सव का सप्ताह सामान्य दिनों की तुलना में कारोबार के लिहाज से काफी बेहतर रहा।

योगी सरकार के दीपोत्सव आयोजन से पर्यटन को मिला विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या के दीपोत्सव को भव्य और वैश्विक पहचान वाला आयोजन बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दीपोत्सव के जरिए रामनगरी की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा रहा है।

इस आयोजन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का पहुंचना स्थानीय व्यवसायों के लिए भी नए अवसर पैदा कर रहा है। होटल, परिवहन, खानपान और खुदरा बाजार में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियां इस बदलाव को दर्शाती हैं।

होटलों में शत-प्रतिशत बुकिंग, पर्यटकों की बढ़ी मांग

दीपोत्सव के दौरान अयोध्या के होटल कारोबार में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। होटल डिवाइन अयोध्या के प्रबंधक आयुष के अनुसार, सामान्य दिनों की तुलना में दीपोत्सव के सप्ताह में होटल लगभग शत-प्रतिशत बुक रहा। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण कमरों की मांग में काफी इजाफा हुआ। दीपोत्सव का सप्ताह होटल व्यवसाय के लिए बेहतर कारोबार लेकर आया।

कैब संचालकों की कमाई में भी तीन गुना तक बढ़ोतरी

दीपोत्सव के दौरान पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय परिवहन कारोबार को भी बड़ा फायदा हुआ। राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, सरयू घाट और अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को वाहनों की जरूरत पड़ी।

कैब संचालक शोभित तिवारी के मुताबिक, दीपोत्सव के दौरान उनका कारोबार काफी अच्छा रहा और कमाई में करीब तीन गुना तक वृद्धि हुई। पर्यटकों की लगातार आवाजाही से कैब सेवाओं की मांग बढ़ी, जिससे स्थानीय परिवहन व्यवसाय को बेहतर अवसर मिला।

छोटे दुकानदारों की रोजाना कमाई 1000 से बढ़कर 3000 रुपये तक पहुंची

दीपोत्सव का सबसे बड़ा फायदा छोटे दुकानदारों को मिलता दिखाई दिया। चाट की दुकान चलाने वाले सौरभ सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में उनकी रोजाना कमाई 800 से 1000 रुपये के आसपास रहती थी। लेकिन दीपोत्सव के दौरान यह बढ़कर 2500 से 3000 रुपये तक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि ग्राहकों की संख्या बढ़ने से बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ और इस आयोजन ने छोटे कारोबारियों को बेहतर कमाई का मौका दिया।

प्रसाद और फूल-माला के कारोबार में भी बढ़ी बिक्री

दीपोत्सव के दौरान धार्मिक सामग्री और प्रसाद की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। प्रसाद विक्रेता दीपक कुमार ने बताया कि आयोजन के दौरान बिक्री अच्छी हुई और कारोबार में लाभ मिला। वहीं पटना निवासी प्रसाद विक्रेता संजय यादव के मुताबिक, दीपोत्सव का समय उनके कारोबार के लिए काफी अच्छा रहा। इस दौरान उनकी रोजाना कमाई 2500 से 3000 रुपये तक पहुंच गई। चूड़ी और माला बेचने वाली वीना ने भी बताया कि दीपोत्सव के दौरान बिक्री में बढ़ोतरी हुई और उन्हें पहले की तुलना में बेहतर लाभ मिला। श्रद्धालुओं की खरीदारी ने छोटे दुकानदारों के लिए कमाई के नए अवसर तैयार किए।

आस्था के साथ अयोध्या की अर्थव्यवस्था को भी मिली नई रफ्तार

अयोध्या का दीपोत्सव अब धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले बड़े आयोजन के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल में ठहरने, कैब सेवाओं, खानपान, प्रसाद और धार्मिक सामग्री की खरीदारी तक कारोबार की पूरी श्रृंखला को लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों का असर स्थानीय कारोबारियों के अनुभवों में भी दिखाई दे रहा है। दीपोत्सव की रोशनी ने इस बार रामनगरी के मंदिरों और घाटों के साथ-साथ छोटे दुकानदारों के चेहरों पर भी मुस्कान बिखेरी है। श्रद्धालुओं की आस्था और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही ने अयोध्या के कारोबार को नई ऊर्जा दी है।