Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

Telangana: क्रिकेटर अजहरुद्दीन बने तेलंगाना के अल्पसंख्यक और सार्वजनिक उद्यम मामलों के मंत्री

Telangana: तेलंगाना मंत्रिमंडल में हाल में शामिल किये पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को मंगलवार को अल्पसंख्यक कल्याण और सार्वजनिक उद्यम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य सचिव के रामकृष्णा राव ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। अजहरुद्दीन को जिम्मेदारी सौंपने से पहले सार्वजनिक उद्यम विभाग मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के पास था, जबकि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का प्रभार अदलुरी लक्ष्मण कुमार संभाल रहे थे।

पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान अजहरुद्दीन ने 31 अक्टूबर को रेवंत रेड्डी के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शपथ ली थी। तेलंगाना मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या अजहरुद्दीन के शामिल होने के बाद 16 हो गई और अब भी दो पद खाली हैं।

विधानसभा सदस्यों की संख्या के अनुसार, तेलंगाना में 18 मंत्री हो सकते हैं। पूर्व क्रिकेटर की मंत्री पद पर नियुक्ति को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी 11 नवंबर को होने वाले जुबली हिल्स उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।

माना जा रहा है कि इस सीट पर एक लाख से अधिक मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। इस वर्ष जून में मुख्य विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के कारण उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।

तेलंगाना सरकार ने अगस्त के आखिरी हफ्ते में अजहरुद्दीन को राज्यपाल कोटे के तहत विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मनोनीत किया था। हालांकि, राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने अब तक इस नियुक्ति को मंजूरी नहीं दी है। अजहरुद्दीन ने 2023 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव के दौरान जुबली हिल्स से अपनी किस्मत आजमाई थी लेकिन असफल रहे थे।