Breaking News

पश्चिम बंगाल में चारों तरफ अराजकता, राज्य में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है: अमित शाह     |   नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन कर PM मोदी बोले- ये नौजवानों के भविष्य को उड़ान देगा     |   प्रधानमंत्री मोदी ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्धाटन     |   योगी आदित्यनाथ बोले - जेवर एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश को नई पहचान मिलेगी     |   ‘दोनों देशों की समृद्धि के लिए साथ काम करेंगे', नेपाल PMO ने PM मोदी को दिया संदेश     |  

West Bengal: मुर्शिदाबाद में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुईं झड़पें, सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी

West Bengal: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हुई झड़पों के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने बताया कि कई स्थानों से पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं।

पुलिस ने बताया कि प्रभावित जांगीपुर और रघुनाथगंज इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक इस संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान कहासुनी हिंसा में तब्दील हो गई, जिसके बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई।

दो गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और इलाके में संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। अधिकारी ने बताया कि उत्सव के उपलक्ष्य में, एक विशाल शोभायात्रा रघुनाथगंज के मैकेन्ज़ी पार्क की ओर जी रही थी, तभी हंगामा शुरू हो गया। सिसतला इलाके में शोभायात्रा के दौरान बजाए जा रहे संगीत को लेकर हुए विवाद के चलते यात्रा में शामिल लोगों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई।

फुलतला क्रॉसिंग के पास जब शोभायात्रा उस इलाके में पहुंची तो पत्थरबाजी की घटनाओं के बाद तनाव फिर से भड़क उठा। दुकानों में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है और तब से वे प्रभावित क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं और निगरानी रख रहे हैं। अधिकारी ने बताया, “हालात अब नियंत्रण में हैं। पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और शांति एवं स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए गश्त जारी है। हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।”

इस बीच राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। बीजेपी नेता धनंजय घोष ने हिंसा को “पूर्व नियोजित” बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की, वहीं जंगीपुर नगर पालिका अध्यक्ष मोफिजुल इस्लाम ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और शांति बनाए रखने का आग्रह किया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने निवासियों से शांत रहने की अपील की है क्योंकि पूरे जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 सदस्यों के लिए चुनाव 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।