लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई है। छठ पूजा को लेकर देशभर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है। बिहार के औरंगाबाद स्थित ऐतिहासिक देव सूर्य मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां लोग सूर्यकुंड में स्नान कर भगवान सूर्य के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
छठ पूजा करने पहुंची एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि उन्होंने नहाय-खाय का प्रसाद ग्रहण कर लिया है। इस दिन चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी बनाई जाती है। उन्होंने कहा कि सूर्यकुंड में स्नान करने के बाद वे भगवान सूर्य के दर्शन के लिए जा रही हैं। इस स्थान का विशेष धार्मिक महत्व है और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु छठ पूजा करने पहुंचते हैं।
वहीं, पटना की एक श्रद्धालु ने कहा कि पटना में रहते हुए गंगा नदी के किनारे छठ पूजा किए बिना रहना संभव नहीं है। आज नहाय-खाय के साथ ही छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है।
देव सूर्य मंदिर में तीन स्वरूपों में होती है सूर्य देव की पूजा
औरंगाबाद के देव स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के मुख्य पुजारी राजेश पाठक ने बताया कि यह मंदिर भगवान भास्कर को समर्पित है। यहां सूर्य देव की पूजा ब्रह्मा, विष्णु और महेश के तीन स्वरूपों में की जाती है।
मंदिर में सूर्य देव के उदयकाल, मध्याह्न और अस्तकाल के स्वरूपों से जुड़ी प्रतिमाएं स्थापित हैं। इन्हें क्रमशः उदयाचल, मध्याचल और अस्ताचल के रूप में जाना जाता है। छठ महापर्व के दौरान इस मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
मुख्य पुजारी ने बताया कि छठ व्रत की शुरुआत आज नहाय-खाय से हुई है। 14 नवंबर को खरना होगा, जिसमें श्रद्धालु खीर का प्रसाद तैयार करेंगे। इसके बाद 15 नवंबर को पहला अर्घ्य और 16 नवंबर को अंतिम अर्घ्य दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
चार दिनों तक चलती है छठ पूजा
छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। पहले दिन नहाय-खाय में व्रती पवित्र स्नान करने के बाद अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का सात्विक भोजन करते हैं।
दूसरे दिन यानी खरना पर व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।
तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इसे संध्या अर्घ्य कहा जाता है। वहीं, चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद पारण के साथ व्रत संपन्न होता है।
सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह महापर्व पवित्रता, श्रद्धा और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक है। इस दौरान श्रद्धालु अपने परिवार के अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।