मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग नदियों, पर्यावरण और लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक है। थोड़ी देर की सुविधा के लिए इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक आने वाले समय में बड़ी परेशानी बन सकती है। मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ में आयोजित गोमती उत्सव-2026 में शामिल हुए। यहां उन्होंने नदी संरक्षण, पर्यावरण और प्रदेश की स्थानीय संस्कृति को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाओं में इतना हुनर और क्षमता है कि वे अपने उत्पादों के दम पर दुनिया की बड़ी खाद्य कंपनियों को भी चुनौती दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट यानी ओडीओपी योजना शुरू की गई। अब इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन के जरिए हर जिले के पारंपरिक खानपान को भी पहचान दिलाई जा सकती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली 15 हस्तियों को 'गोमती गौरव सम्मान' प्रदान किया।
मोबाइल की दुनिया से बाहर लाते हैं सामाजिक आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज परिवार के सदस्य एक ही घर में रहते हुए भी एक-दूसरे से दूर होते जा रहे हैं। घर में सभी लोग अपने-अपने मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं। ऐसे समय में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को आपस में मिलने और बातचीत करने का अवसर देते हैं।
उन्होंने कहा कि गोमती उत्सव जैसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं। इनके जरिए लोग अपनी संस्कृति से जुड़ते हैं और समाज में आपसी मेलजोल बढ़ता है। ऐसे कार्यक्रमों को लगातार प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
गोमती नदी को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी
गोमती नदी के महत्व का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह नदी इस क्षेत्र की आस्था और पहचान से जुड़ी है। भारत में प्राचीन काल से ही नदियों के आसपास सभ्यताओं का विकास हुआ है। देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थल भी नदियों के किनारे बसे हैं। इसलिए नदियों को बचाना हमारी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने जैसा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती नदी लखनऊ में प्रवेश करने से पहले काफी हद तक स्वच्छ और अपने प्राकृतिक प्रवाह में रहती है, लेकिन शहर में आने के बाद प्रदूषण की समस्या बढ़ जाती है। नदी में गंदे पानी और सीवर को जाने से रोकने के लिए सरकार की ओर से एसटीपी यानी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए गए हैं।
उन्होंने गोमती उत्सव के आयोजकों और शहरवासियों से अपील की कि नदी को साफ रखने का संकल्प इस आयोजन का अहम हिस्सा बनाया जाए। पूजा-पाठ के बाद प्लास्टिक और दूसरी गंदगी नदी में डालने से बचना चाहिए। लोगों को प्लास्टिक की जगह कपड़े या दूसरे विकल्प वाले थैलों का इस्तेमाल करना चाहिए।
अयोध्या का दीपोत्सव बना देश की पहचान
सीएम योगी ने अयोध्या के दीपोत्सव का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले दीपावली पर वहां इस स्तर का आयोजन नहीं होता था। अब यह उत्सव देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अयोध्या का दीपोत्सव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी पहचान हासिल करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपराएं देश के अलग-अलग हिस्सों को एक सूत्र में जोड़ती हैं। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक त्योहारों और आस्था की परंपराएं लोगों के बीच एकता की भावना को मजबूत करती हैं।
स्थानीय व्यंजन और कारीगरों को मिले बड़ा बाजार
मुख्यमंत्री ने गोमती उत्सव को स्थानीय कला, खानपान और पर्यटन से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन में पर्यटन और संस्कृति विभाग की भागीदारी बढ़ाई जा सकती है। इससे प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन बनाने वालों, छोटे कारोबारियों और हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों को अपने उत्पाद दिखाने और बेचने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हर जिले के अपने खास पकवान और खानपान की परंपरा है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन के जरिए इन व्यंजनों को प्रदेश के साथ-साथ देशभर में पहचान दिलाई जा सकती है। इससे स्थानीय लोगों की आमदनी बढ़ेगी और पारंपरिक स्वाद भी नई पीढ़ी तक पहुंचेगा।
इन 15 हस्तियों को मिला गोमती गौरव सम्मान
गोमती उत्सव के मंच पर मुख्यमंत्री ने अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाली 15 विभूतियों को सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में प्रो. सुनीता मिश्रा, राजेश पांडेय, डॉ. सुनीता चंद्रा, जयंत कृष्णा, आत्मप्रकाश मिश्रा, विनोद मिश्रा, अंबिका प्रसाद बाजपेयी, डॉ. सुमित रुंगटा, सूर्यमणि सिंह, डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. सोनिया नित्यानंदन, संदीप तिवारी, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय, सुरेश बहादुर सिंह और अतुल अग्निहोत्री शामिल रहे।
कार्यक्रम में गोमती उत्सव के मुख्य संरक्षक राजीव मिश्रा, आयोजन के परिकल्पक और कवि सर्वेश अस्थाना, समिति अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति सर्वनारायण झा, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंदन, पार्षद मालती यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।