Uttarakhand: उत्तराखंड में इस साल राजनीति केवल सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रही। कई मौकों पर नेताओं के बीच आपसी खींचतानी भी खुलकर सामने आई। कभी मंच से तीखे बयान दिए गए, तो कभी सार्वजनिक कार्यक्रमों में विवाद देखने को मिला। अंकिता भंडारी मामले से लेकर नेताओं की आपसी नाराजगी तक, कई मुद्दों ने प्रदेश की सियासत को गर्माए रखा।
राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थकों और विरोधियों के बीच बयानबाजी चर्चा में रही। जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से चले जाने के बाद विधायक हरीश धामी ने नाराजगी जताई। विवाद इतना बढ़ा कि कार्यक्रम स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई। माइक और कुर्सियां टूटने की बात भी सामने आई। हरीश धामी के तेवर के बाद मुख्यमंत्री धामी के समर्थक खेमे की ओर से भी जवाबी बयान दिए गए। मेले का माहौल भी इस विवाद से प्रभावित हुआ।
प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के भीतर की खींचतान भी लगातार चर्चा में रही। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत कई बार अपने बयानों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में रहे। उनकी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ भी मतभेद की स्थिति देखने को मिली। सहसपुर विधानसभा सीट को लेकर आर्यन शर्मा के साथ उनकी तनातनी भी चर्चा का विषय बनी। हरक सिंह की एक सभा में आर्यन शर्मा के समर्थकों की ओर से नारेबाजी किए जाने की बात भी सामने आई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रणव चैंपियन के बीच बयानबाजी ने भी राजनीतिक माहौल को गरमाया। चैंपियन की टिप्पणी पर गोदियाल की ओर से तीखी प्रतिक्रिया दी गई। वहीं, हरीश रावत भी कई मौकों पर अपनी ही पार्टी के नेताओं से नाराज नजर आए। इस तरह विपक्ष के भीतर भी एकजुटता के बजाय मतभेद सुर्खियों में बने रहे।
बीजेपी के नेताओं और मंत्रियों के बयान भी विवादों से दूर नहीं रहे। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और गायक दलेर मेहंदी के बीच एक कार्यक्रम के दौरान हुई कहासुनी चर्चा में आई। इसके अलावा सुबोध उनियाल के पूर्वजों के बिहार से आने संबंधी बयान पर भी कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। वहीं, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मामला भी सुर्खियों में रहा। गिरधारी लाल साहू की ओर से अपनी पत्नी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने की बात सामने आई।
इस साल अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी एक बार फिर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में रहा। मामले को लेकर नए सवाल और अलग-अलग दावे सामने आने से राजनीतिक बहस तेज हुई। विपक्ष ने सरकार को घेरने का मौका नहीं छोड़ा। वहीं, जैनी प्रकरण का मामला भी दोबारा चर्चा में आ गया। इन घटनाओं ने प्रदेश की सियासत में पहले से चल रही खींचतान को और बढ़ा दिया।
अमित शाह के दौरे से पहले सियासी हलचल तेज
उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी के बीच चुनावी तैयारियां भी तेज होती दिखाई दे रही हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर बीजेपी की गतिविधियां बढ़ गई हैं। दौरे के दौरान लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्रा और जनसभा का कार्यक्रम रखा गया है।
दूसरी ओर कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि दिल्ली में त्योहार के दौरान राहुल गांधी के सम्मेलन को लेकर सवाल उठाए गए थे, जबकि अब अमित शाह का कार्यक्रम भी त्योहार के समय आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस ने प्रदेश में 'भूमि बचाओ, धामी हटाओ' अभियान के जरिए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
ऐसे में उत्तराखंड की राजनीति में आने वाले दिनों में आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के संकेत हैं। एक तरफ बीजेपी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है, तो दूसरी ओर कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। चुनावी माहौल बनने के साथ ही नेताओं के बीच बयानबाजी और आपसी टकराव प्रदेश की सियासत को लगातार गर्मा रहे हैं।