Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

Bihar: सिरफिरे आशिक ने की हदें पार, स्टेज पर दूल्हे के साथ खड़ी दुल्हन को मारी गोली

Bihar: बिहार के बक्सर जिले में एक विवाह समारोह के दौरान दुल्हन को उसके कथित प्रेमी ने गोली मार दी। पुलिस ने बुधवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये घटना मंगलवार रात जिले के चौसा थानाक्षेत्र में हुई, जब 18 वर्षीय आरती कुमारी अपने होने वाले पति के साथ विवाह मंच पर खड़ी थी।

चौसा के अतिरिक्त थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “प्रथम दृष्टया ये मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। आरती को उस समय पेट में गोली मारी गई जब वह दूल्हे के बगल में मंच पर खड़ी थी।”

उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल दुल्हन को बक्सर के सदर अस्पताल पहुंचाया और वहां के चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जाने का सुझाव दिया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने हमलावर की पहचान अपने पड़ोसी दीनबंधु के रूप में की है। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी एकतरफा प्रेम करता था और उसने इस विवाह का विरोध किया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दूल्हा, उसके परिजन और मित्र उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमानपुर गांव से आए थे। पुलिस ने बताया कि गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।