बांकीपुर विधानसभा के लिए आज खास दिन है। आज इस सीट पर नामांकन का आखिरी दिन है। भाजपा और जनसुराज के प्रत्याशी का आज नामांकन कार्यक्रम हैं। दोनों प्रत्याशी सुबह से ही मैदान में निकल चुके हैं। बांकीपुर विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के लिए आज भारतीय जनता पार्टी और जनसुराज के उम्मीदवार अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। बांकीपुर विधानसभा की जनता से आशीर्वाद लेकर जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर और भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा अपना नामांकन पर्चा दाखिल करने समाहरणालय पहुंचेंगे। दोनों ने अपने नामांकन पर्चे की जांच एक्सपर्ट से भी करवा ली है।
आज नामांकन पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख है इसलिए दोनों पार्टी कोई भी चूक नहीं करना नहीं चाहेगी। नामांकन कार्यक्रम को लेकर दोनों उम्मीदवार और उनके समर्थकों की ओर से सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। समर्थकों की भीड़, जुलूस और शक्ति प्रदर्शन के बीच आज बांकीपुर की राजनीति का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आ रहा है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले जन सुराज के संस्थापक एवं प्रत्याशी प्रशांत किशोर सोमवार सुबह सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया। धार्मिक दर्शन के बाद वह पटना के लिए रवाना हुए, जहां आज बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में जीत और हार का फैसला पूरी तरह जनता के हाथ में है। उन्होंने कहा कि अगर जीत-हार हमारे हाथ में होती तो पिछले विधानसभा चुनाव में जन सुराज को हार का सामना नहीं करना पड़ता। हमारा काम ईमानदारी से जनता के सामने एक विकल्प रखना है। अब यह जनता तय करेगी कि वह हमें चुनती है या किसी अन्य दल के उम्मीदवार को।