Breaking News

लद्दाख की मांगों पर सोनम वांगचुक ने तय की डेडलाइन     |   IRCTC केस में लालू परिवार पर 10 सितंबर को फैसला     |   बिहार में गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर, 12 जिलों में 22.42 लाख लोग प्रभावित     |   दिल्ली: सत्य निकेतन हादसे में बिल्डिंग मालिक की तलाश में 10 पुलिस टीमें गठित     |   दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई     |  

Kolkata: एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में मार्च निकालेंगे बीएलओ, अत्यधिक काम के दबाव का दावा

Kolkata: पश्चिम बंगाल में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में शामिल बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) का संगठन सोमवार को कोलकाता में मार्च निकालने वाला है। बीएलओ कथित रूप से काम के अत्यधिक दबाव और प्रक्रिया में "प्रणालीगत खामियों" का दावा करते हुए मार्च निकाल रहे हैं।

बीएलओ अधिकार रक्षा समिति के सदस्यों ने बताया कि वे निर्वाचन आयोग को अपनी शिकायत सौंपेंगे। समिति ने आरोप लगाया कि एसआईआर की शुरुआत के बाद से पूरे राज्य में बूथ स्तरीय अधिकारी "अभूतपूर्व और अमानवीय दबाव" में काम कर रहे हैं।

समिति ने कहा कि वे उत्तर कोलकाता के कॉलेज चौक से शहर के मध्य भाग में स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय तक मार्च निकालेगी और निर्वाचन आयोग से तत्काल हस्तक्षेप और सुधारात्मक कदम उठाने की मांग करेगी।

समिति ने ये भी कहा कि पैरा-टीचर्स, कॉलेज प्रोफेसर और कई संगठनों के शिक्षक इस प्रदर्शन में समर्थन के लिए शामिल होंगे। समिति के एक सदस्य ने बताया, "हमें कम समय में कार्य पूरा करने के लिए कहा गया है, जबकि ऐसे कार्य आमतौर पर दो साल से अधिक समय लेते हैं।"

एसआईआर के तहत घर-घर गिनती चार नवंबर से शुरू होकर चार दिसंबर तक चलेगी और मसौदा सूची नौ दिसंबर को प्रकाशित होगी। समिति के एक और सदस्य ने चेतावनी दी कि यदि निर्वाचन आयोग समय-सीमा नहीं बढ़ाता है या बीएलओ द्वारा उठाई गई चिंताओं का समाधान नहीं करता है, तो विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

एक और संगठन, बीएलओ ओइक्या मंच ने भी गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण से संबंधित मुद्दों को उठाया है और अतिरिक्त सहायता स्टाफ की मांग की है।