Breaking News

सहारनपुर: कांवड़ यात्रा सुरक्षा को पुलिस का कंट्रोल रूम तैयार, 3 हजार CCTV लगाए     |   अगस्त महीने में देश भर में सामान्य से कम होगी बारिश, मौसम विभाग ने जताई आशंका     |   अगस्त महीने में देश भर में सामान्य से कम होगी बारिश, मौसम विभाग ने जताई आशंका     |   उत्तराखंड: हरिद्वार में गंगा नदी में 4 कांवड़िए डूबे, SDRF ने सभी शव बरामद किए     |   राष्ट्रमंडल खेलः महिला बॉक्सिंग के फाइनल में पहुंचीं प्रीति पवार, पक्का किया रजत पदक     |  

जैसलमेर में ऊंट से टकराई सेना के अधिकारियों की SUV, मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल

राजस्थान के जैसलमेर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के एक मेजर की मौत हो गई, जबकि दो लेफ्टिनेंट रैंक के अधिकारी घायल हो गए। हादसा जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन के पास उस समय हुआ, जब अधिकारियों की निजी SUV एक ऊंट से टकराकर पलट गई। मृतक अधिकारी की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी 30 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, मेजर हमजा आरिफ की शादी को अभी सिर्फ एक महीना ही हुआ था।

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर हुआ। बताया जा रहा है कि तीनों अधिकारी जैसलमेर शहर से मिलिट्री स्टेशन लौट रहे थे, तभी अचानक उनकी SUV के सामने एक ऊंट आ गया। ऊंट से जोरदार टक्कर के बाद SUV करीब पांच बार पलट गई और लगभग 100 मीटर तक घिसटने के बाद सैन्य सीमा की दीवार के पास जा टकराई। हादसे में ऊंट की भी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही सेना के जवान और अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त SUV में फंसे तीनों अधिकारियों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत मिलिट्री स्टेशन ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मेजर हमजा आरिफ ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो अन्य अधिकारियों की पहचान लेफ्टिनेंट अभिनव राठौड़ और लेफ्टिनेंट आयुष्मान गुसाईं के रूप में हुई है। दोनों का फिलहाल मिलिट्री अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सदर थाना पुलिस के ASI जगदीश चरण के अनुसार, पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि वॉर म्यूजियम से आगे सड़क पर एक वाहन ऊंट से टकराने के बाद पलट गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सड़क किनारे ऊंट मृत मिला, जिसे वहां से हटाया गया। वहीं, सैन्य सीमा की दीवार के पास एक निजी SUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। मृतक मेजर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जैसलमेर के जवाहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। यह हादसा उसी स्थान के पास हुआ, जहां करीब एक साल पहले एक निजी बस में आग लगने से 29 यात्रियों की मौत हो गई थी।