उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के चौथे संस्करण की तैयारियां तेज हो गई हैं। 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में करीब 5 लाख आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, ट्रैफिक डायवर्जन और आयोजन स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी सिलसिले में आगंतुकों, प्रदर्शकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गौतम बुद्ध नगर के एडीएम मंगलेंश दुबे ने की। इसमें इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के ईडी (कॉरपोरेट) एवं सीईओ सुदीप सरकार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा की RWA, उद्योग एवं व्यापार संघों, जिला प्रशासन और यातायात विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए।
पार्किंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर खास ध्यान

बैठक में RWA प्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों और ट्रेड शो में आने वाले आगंतुकों की सुविधा को लेकर कई सुझाव दिए। इनमें पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन और आयोजन स्थल तक आने-जाने की सुविधा प्रमुख रही। अधिकारियों ने इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के आसपास बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट पर चर्चा की। कोशिश है कि ट्रेड शो के दौरान स्थानीय निवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को भी आवागमन में परेशानी न हो।
5 देशों की भागीदारी से बढ़ेंगे कारोबारी अवसर
UPITS 2026 में इस बार रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर और वियतनाम समेत पांच देशों की भागीदारी होगी। बैठक में उद्योग और व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों को इन देशों की भागीदारी से मिलने वाले संभावित कारोबारी अवसरों की जानकारी दी गई। इससे उत्तर प्रदेश के कारोबारियों और उद्यमियों को व्यापारिक साझेदारी, सोर्सिंग, निवेश और नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने के अवसर मिलेंगे।
ऐप से पहले ही तय कर सकेंगे B2B मीटिंग

बैठक में UPITS 2026 ऐप की B2B मीटिंग सुविधा पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए खरीदार और प्रदर्शक अपनी जरूरत के मुताबिक कारोबारी संपर्क तलाश सकते हैं और ट्रेड शो से पहले ही B2B मीटिंग शेड्यूल कर सकते हैं। इस सुविधा से ट्रेड शो के दौरान कारोबारी मुलाकातों को ज्यादा व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा
जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक में ट्रैफिक डायवर्जन, VIP मूवमेंट, परिवहन सुविधाओं, पार्किंग प्रबंधन और आयोजन स्थल के आसपास यातायात के सुचारु संचालन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सड़कों की स्थिति और संभावित जलभराव वाले स्थानों पर भी चर्चा की, ताकि आयोजन शुरू होने से पहले जरूरी व्यवस्थाएं की जा सकें और आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
5 लाख लोगों के आने की उम्मीद

गौतम बुद्ध नगर के एडीएम मंगलेंश दुबे ने कहा कि UPITS 2026 के B2B और B2C वर्ग में करीब 5 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। ऐसे में प्रशासन, यातायात विभाग, स्थानीय समुदाय, उद्योग संगठनों और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस बार ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट) के साथ उत्तर प्रदेश सरकार की पहल ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुज़ीन’ (ODOC) भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय स्वाद को प्रदर्शित किया जाएगा।
एडीएम ने लोगों से UPITS 2026 में खरीदार और आगंतुक के तौर पर शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश की क्षमताओं और संभावनाओं को देखने और अपने कारोबार को वैश्विक बाजार से जोड़ने का अच्छा अवसर है।
72 देशों से विदेशी खरीदारों का पंजीकरण
IEML के ईडी (कॉरपोरेट) एवं सीईओ सुदीप सरकार ने बताया कि UPITS का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार लगातार बढ़ रहा है। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं और ट्रेड शो की तारीख नजदीक आने के साथ यह संख्या बढ़ रही है। विदेशी खरीदारों के साथ-साथ पार्टनर देशों और वैश्विक कारोबारी संगठनों की भागीदारी से उत्तर प्रदेश के उत्पादों और उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का मंच और मजबूत होगा।
UPITS बना उत्तर प्रदेश का बड़ा बिजनेस प्लेटफॉर्म
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो अब सिर्फ एक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है। यह उत्तर प्रदेश के उद्योग, व्यापार, हस्तशिल्प, कृषि, खाद्य, टेक्सटाइल और नई तकनीक से जुड़ी क्षमताओं को देश-दुनिया के सामने रखने वाले बड़े कारोबारी मंच के रूप में विकसित हो चुका है। यहां प्रदेश के उद्यमियों को खरीदारों, निवेशकों और कारोबारी समुदाय से जुड़ने के साथ-साथ सोर्सिंग, निवेश और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के अवसर मिलते हैं।
25 से 29 सितंबर तक होगा UPITS 2026
UPITS 2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस ट्रेड शो में निर्माता, निर्यातक, खरीदार, निवेशक और उपभोक्ता एक ही मंच पर जुड़ेंगे।
इस बार आयोजन का फोकस बेहतर कारोबारी अवसर, आसान विजिटर एक्सपीरियंस और मजबूत अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी पर है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उत्पादों और उद्यमों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजारों तक पहुंचाना है।