Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

दिवाली पर दिल्ली में आग की 214 घटनाएं, AIIMS में 42 लोग झुलसे, 11 की हालत गंभीर

दिवाली के बाद दिल्ली में आग लगने और पटाखों से घायल होने के कई मामले सामने आए हैं। दिल्ली फायर सर्विस को दिवाली के दौरान आग से जुड़ी 214 कॉल मिलीं, जिनमें 24 घटनाएं पटाखों से संबंधित थीं। वहीं, दिल्ली के AIIMS अस्पताल में पटाखों और अन्य कारणों से झुलसने के 42 मामले दर्ज किए गए। इनमें 11 मरीज गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

दिल्ली फायर सर्विस के प्रमुख एके मलिक ने सोमवार को बताया कि 8 नवंबर को विभाग को कुल 257 कॉल मिली थीं। इनमें 214 आग से संबंधित थीं। आग की घटनाओं में छह लोग घायल हुए। इसके अलावा जंगल में आग लगने की एक कॉल भी मिली थी।

एके मलिक के मुताबिक, आग बुझाने के दौरान करीब पांच दमकलकर्मियों को मामूली चोटें आईं। हालांकि, किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। इस दौरान सात बड़ी आग की घटनाओं की सूचना मिली। पिछले साल दिवाली पर विभाग को आग से जुड़ी 231 कॉल मिली थीं, जबकि इस साल यह संख्या घटकर 214 रही।

उन्होंने बताया कि दिवाली की शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक करीब 281 कॉल दर्ज की गईं। इनमें से लगभग 178 कॉल आधी रात तक आई थीं। इसके अलावा सोनीपत में आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियां भेजी गईं। वहां एक मध्यम श्रेणी और दो बड़ी आग की घटनाओं पर कार्रवाई की गई।

AIIMS में 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे

दूसरी ओर, AIIMS दिल्ली के प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव और बर्न्स सर्जरी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार सुबह 11 बजे तक दिवाली से जुड़ी जलने की 42 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे थे। चार मरीजों को ICU और सात को वार्ड में भर्ती कराया गया। बाकी 31 मरीजों को मामूली चोटें आई थीं।

रिपोर्ट के मुताबिक, पांच मरीजों की सर्जरी की गई, जबकि आठ मरीज अस्पताल में भर्ती थे। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई थी।

10 साल से कम उम्र के 6 बच्चे झुलसे

AIIMS की रिपोर्ट में बताया गया कि जलने वालों में 10 साल से कम उम्र के छह बच्चे शामिल थे। इनमें एक को ICU, चार को वार्ड में भर्ती कराया गया, जबकि एक बच्चे को मामूली चोट आई थी। सबसे छोटा मरीज पांच साल का था। वहीं, आठ साल के एक बच्चे का शरीर 45 प्रतिशत तक जल गया था और उसकी हालत गंभीर बताई गई।

10 से 18 साल की उम्र के बच्चों में जलने के 12 मामले सामने आए। इस आयु वर्ग में अनार पटाखे से चोट लगना सबसे आम कारण रहा। वहीं, 18 से 60 साल की उम्र के लोगों में 22 मामले दर्ज किए गए। इनमें ज्यादातर लोगों के हाथ झुलसे थे।

60 साल से अधिक उम्र का एक मरीज भी ICU में भर्ती किया गया, जिसकी बाद में सर्जरी हुई। AIIMS की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 42 मामलों में से 37 पटाखों से जलने के थे, जबकि दो मामले पोटाश से जुड़े थे। इनमें एक 13 साल का बच्चा भी शामिल था।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि आंखों में चोट लगने वाले कुछ मरीज सीधे AIIMS के डॉ. आरपी सेंटर की आई इमरजेंसी में पहुंचे हो सकते हैं।