Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक स्थगित     |   जस्टिस यशवंत वर्मा को पद से हटाने के लिए शीतकालीन सत्र में लाया जा सकता है महाभियोग प्रस्ताव     |   दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य     |   कर्नाटक में विभागों का बंटवारा, सीएम शिवकुमार ने अपने पास रखा वित्त विभाग     |   टाटा के चेयरमैन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की पेशकश के बाद TCS में 4.97% की गिरावट     |  

IPL 2026: पंजाब की लगातार चौथी हार पर भड़के श्रेयस अय्यर, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण को ठहराया जिम्मेदार

IPL 2026: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ तीन विकेट की हार के बाद इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां लगातार चौथी हार के लिए गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण को दोषी ठहराया।

पंजाब के 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 33 रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद कप्तान अक्षर पटेल (56 रन, 30 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) और डेविड मिलर (51 रन, 28 गेंद, तीन चौके, चार छक्के) के अर्धशतक और दोनों के बीच पांचवें विकेट की 64 रन की साझेदारी से 19 ओवर में सात विकेट पर 216 रन बनाकर जीत दर्ज की।

पंजाब ने कप्तान अय्यर (36 गेंद में तीन छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 59 रन) और प्रियांश आर्य (33 गेंद में छह छक्कों और दो चौकों से 56 रन) के अर्धशतक से पांच विकेट पर 210 रन बनाए थे।

अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘‘बात को घुमा-फिराकर कहने की जरूरत नहीं है लेकिन एक बार फिर क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी ने निराश किया।’’ अय्यर ने हालांकि कहा कि उन्होंने प्रतिस्पर्धी स्कोर से अधिक रन बनाए थे।
पंजाब के कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस विकेट पर यह 30 रन अधिक थे। यह देखते हुए कि गेंद कैसे सीम कर रही थी और उछाल भी असमान था।’’

स्पिनर युजवेंद्र चहल को गेंदबाजी का मौका नहीं देने पर अय्यर ने कहा, ‘‘ इस बारे में सोचा तो था लेकिन जिस तरह से गेंद सीम कर रही थी, अगर हमने अपनी लाइन और लेंथ सही रखी होती तो शायद हमें विकेट मिल जाते। लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए। मैं हमेशा कहता हूं कि हार्ड लेंथ या शॉर्ट ऑफ हार्ड लेंथ सबसे अच्छी गेंद होती है।’’